बदलावों से हर क्षेत्र में महिलाओं के लिए अवसर बढ़े : रेखा शर्मा

देहरादून, 16 अप्रैल (हि.स.)। राष्ट्रीय महिला आयोग की अध्यक्ष रेखा शर्मा ने कहा कि आज का दौर महिलाओं का है। विश्व में आए बदलावों से हर क्षेत्र में महिलाओं के लिए अवसर बढ़े हैं।

मंगलवार को ग्राफिक एरा में आयोजित सेमिनार को रेखा शर्मा संबोधित कर रही थीं। तकनीक, व्यापार और सार्वजनिक जीवन में अग्रणी युवा महिलाओं पर आयोजित इस सेमिनार में रेखा शर्मा ने कहा कि देश की महिलाएं मेहनती और मल्टीटास्किंग हैं। वे व्यापार, तकनीक और कार्पोरेट जगत में पुरुषों से बेहतर काम कर रही हैं। उन्होंने कहा कि डिजिटाइजेशन के दौर में मोबाइल फोन से ही व्यापार करना संभव हो गया है, इसलिए महिलाओं को नयी तकनीक और कौशल सीख कर आगे बढ़ते रहना चाहिए।

सेमिनार में रेखा शर्मा ने छात्राओं से राजनीति में भी कदम रखने का आवाहन किया। उन्होंने कहा कि भविष्य में युवतियां सामाजिक तौर पर बेहतर नीतियों का निर्माण करेंगी।

इस मौके पर पैनल डिस्कशन का भी आयोजन किया गया। विशेषज्ञों ने आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस व ड्रोन तकनीक में नए अवसरों, कॉरपोरेट क्षेत्र में महिलाएं, और सार्वजनिक जीवन में अग्रणी महिलाएं विषयों पर मंथन किया। प्रो. अमरीश शर्मा, डॉ. सुधीर जोशी, प्रो. आर. गौरी, डॉ. ज्योति छाबड़ा, प्रो. प्रीति कृष्णा, डॉ. विशाल सागर व अन्य विशेषज्ञ पैनल चर्चा में शामिल हुए। कार्यक्रम का संचालन डॉ. हिमानी बिंजोला ने किया।

सेमिनार का आयोजन राष्ट्रीय महिला आयोग ने ग्राफिक एरा हिल यूनिवर्सिटी के सहयोग से किया। सेमिनार में कुलपति डॉ. संजय जसोला, विभिन्न विभागों के शिक्षक शिक्षिकाएं और छात्राएं भी मौजूद रही।