उप्र में तेज हवा के साथ ओलावृष्टि और बारिश की संभावना

कानपुर, 09 अप्रैल (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के मौसम का मिजाज एक बार फिर बदलता दिख रहा है और दिनभर आसमान में बादलों की आवाजाही बनी रही। कुछ जनपदों में स्थानीय स्तर पर बूंदाबांदी भी हुई। इससे न्यूनतम तापमान में गिरावट हो गई। मौसम विभाग का कहना है कि आगामी तीन दिनों में तेज हवा के साथ हल्की बारिश की संभावना है और इस दौरान ओलावृष्टि भी हो सकती है।

चन्द्रशेखर आजाद कृषि प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय के मौसम वैज्ञानिक डॉ. एस एन सुनील पाण्डेय ने मंगलवार को बताया कि उत्तरी तटीय आंध्र प्रदेश से दक्षिण तमिलनाडु तक रॉयलसीमा होते हुए एक ट्रफ व हवा का विच्छेदन निम्न स्तर पर बना हुआ है। उत्तर पूर्वी असम और आसपास के इलाकों में समुद्र तल से 1.5 किमी ऊपर तक चक्रवाती परिसंचरण बना हुआ है। दक्षिणी राजस्थान के सम्मिलन क्षेत्रों पर एक चक्रवाती हवाओं का क्षेत्र बना हुआ है। एक और चक्रवाती परिसंचरण मराठवाड़ा और आसपास के क्षेत्रों पर है। एक ताजा पश्चिमी विक्षोभ मध्य क्षोभमंडलीय पश्चिमी हवाओं में एक गर्त के रूप में देखा जाता है, जिसकी धुरी समुद्र तल से 5.8 किमी ऊपर है। लगभग 32° उत्तर अक्षांश के उत्तर में 60 डिग्री पूर्व देशांतर के साथ चल रहा है। मौसम की इन गतिविधियों से उत्तर प्रदेश में आगामी तीन दिन मौसम बदला रहेगा।

जनपद प्रतापगढ़, रायबरेली, अमेठी, सुल्तानपुर, अंबेडकर नगर, अयोध्या, उन्नाव, लखनऊ, बाराबंकी, जौनपुर, कानपुर नगर, फतेहपुर, आजमगढ़, बस्ती और बाराबंकी में तेज हवाएं चलेंगी। इसके साथ ही हल्की बारिश और ओलावृष्टि की भी संभावना है। इस दौरान मेघ गर्जन और आकाशीय बिजली भी गिरने के आसार हैं।

उन्होंने बताया कि अधिकतम तापमान 39.0 और न्यूनतम तापमान 17.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। सुबह की सापेक्षिक आर्द्रता 41 और दोपहर की सापेक्षिक आर्द्रता 23 प्रतिशत रही। हवाओं की दिशाएं उत्तर पश्चिम रही जिनकी औसत गति 3.9 किमी प्रति घंटा रही।

मौसम पूर्वानुमान के अनुसार कानपुर में अगले पांच दिनों में मध्यम से घने बादल छाए रहने के कारण गरज-चमक, धूल भरी आंधी, तेज हवाओं के साथ हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है। प्री मानसून की गतिविधियां भी चलती रहेगी।