लोकसभा चुनाव हेमंत सोरेन के नेतृत्व में ही लड़ेंगे : चम्पाई सोरेन

रांची, 16 मार्च (हि.स.)। मुख्यमंत्री चम्पाई सोरेन ने कहा कि लोकसभा चुनाव के लिए गठबंधन पूरी तरह से तैयार है। सभी सीटों पर गठबंधन जीतेगा। हेमंत सोरेन के दुमका से चुनाव लड़ने के सवाल पर मुख्यमंत्री ने कहा कि उन्हीं के नेतृत्व में हम लोगों ने विधानसभा चुनाव लड़ा था। लोकसभा चुनाव भी हेमंत सोरेन के नेतृत्व में ही लड़ेंगे।

कैबिनेट की बैठक के बाद शनिवार को मुख्यमंत्री पत्रकारों से बातचीत में कहा कि हेमंत सोरेन ने झारखंड मुक्ति मोर्चा के हर कैडर, हर नेता को तैयार किया है और वह चुनाव की तैयारी में लगे हुए हैं। एक-दो दिन में इंडिया गठबंधन के उम्मीदवारों के नाम की घोषणा कर दी जाएगी।

मुख्यमंत्री ने राजनाथ सिंह के झारखंड दौरे पर कहा कि जिसके मन में भय होता है वह निकलकर सामने आ जाता है और यही राजनाथ सिंह के साथ भी हुआ है। राहुल की रैली में शामिल होने के सवाल पर कहा कि हम कल बताएंगे। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के देश हमारा परिवार नाम से एक गीत लॉन्च करने पर चम्पाई सोरेन ने कहा कि देश में अलग-अलग समुदाय, अलग-अलग भाषा और संस्कृति है, उसे छुपाने के लिए इस तरह की बात की जा रही है, जो लोगों के समझ से परे है।