पलामू में रैली निकालकर नामांकन के लिए पहुंचे उम्मीदवार

पलामू, 23 अप्रैल (हि.स.)। पलामू लोकसभा सीट के लिए मंगलवार को तीन नामांकन पत्र दाखिल हुए। बहुजन समाज पार्टी से पूर्व सांसद कामेश्वर बैठा, भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी के अभय कुमार भुइयां और पीपुल्स पार्टी ऑफ इंडिया (डेमोक्रेटिक) के वृंदा राम ने नामांकन किया। नामांकन दाखिल करने के लिए सभी उम्मीदवार रैली निकालकर गाजे-बाजे के साथ समाहरणालय पहुंचे।

उम्मीदों पर खरा उतरने की रहेगी कोशिश: अभय

भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी के प्रत्याशी अभय कुमार भुइयां ने कहा कि यदि उन्हें पलामू लोस क्षेत्र से प्रतिनिधित्व करने का मौका मिलता है तो वे लोगों की उम्मीदों पर खरा उतरने का पूरा प्रयास करेंगे। पलामू और गढ़वा की मुलभूत समस्याओं का निदान त्वरित गति से किया जायेगा। भाकपा जिला सचिव रूचिर तिवारी ने कहा कि नामांकन में जिस तरह से समर्थन देकर लोग पहुंचे, उससे अभय भुइयां की स्थिति मजबूत लग रही है। लोग बड़ी उम्मीद भाकपा उम्मीदवार से लगाए हुए हैं।

भाकपा के राष्ट्रीय सचिव भालचंद्र कांगो ने कहा कि देश में संवैधानिक मूल्यों की हत्या हो रही है, जिसको बचाने के लिए कम्युनिस्ट पार्टी का जितना बहुत जरूरी है। राज्य सचिव महेंद्र पाठक ने कहा कि झारखंड में तमाम तरह की खनिज संपदा होने के बावजूद भी झारखंड के लोग अभाव का दंश झेल रहे हैं। जिला सचिव ने कहा कि यह लड़ाई गरीबी और अमीरी के बीच बढ़ती खाई को लेकर है। वरिष्ठ कम्युनिस्ट नेता सूर्यपत सिंह ने कहा कि इस बार पलामू की जनता बाहरी को हराकर पलामू के युवा प्रत्याशी अभय भुइयां को संसद में भेजेगी।

पलामू के लिए जारी रहेगा संघर्ष: कामेश्वर

नामांकन दाखिल करने के बाद बहुजन समाज पार्टी के उम्मीदवार पूर्व सांसद कामेश्वर बैठा ने कहा कि जिस समाज के लोग उन्हें वोट करते हैं, उनके लिए लंबे समय तक संघर्ष किया है। यह संघर्ष जारी है। सांसद बनने के बाद तेजी से जरूरी समस्याओं पर फोकस किया जायेगा। बेरोजगारी, महंगाई, सिंचाई, शिक्षा, स्वच्छ शहर के लिए कार्य किया जायेगा। उन्होंने वर्तमान सांसद से पूछा कि पिछले 10 साल के कार्यकाल में पलामू-गढ़वा के विकास के लिए उन्होंने क्या किया। कामेश्वर बैठा ने कहा कि बसपा गरीबों की पार्टी है और दबे-कुचले लोगों की आवाज बनकर हमेशा मुखर रहती है। इस सिलसिले को बरकरार रखना है।

सभी 14 सीटों पर चुनाव लड़ेगी बसपा: प्रदेश अध्यक्ष

कामेश्वर बैठा के साथ नामांकन दाखिल करने के लिए साथ आए बसपा के प्रदेश अध्यक्ष राजन मेहता ने कहा कि झारखंड की सभी 14 लोकसभा सीटों पर उनकी पार्टी चुनाव लड़ रही है। आज पलामू लोकसभा क्षेत्र से उम्मीदवार कामेश्वर बैठा ने नामांकन दाखिल किया। कामेश्वर पलामू के दलित के बेटे हैं। सभी को साथ लेकर चलने में विश्वास रखते हैं। एनडीए प्रत्याशी वीडी राम बाहरी हैं। सभी का समर्थन बसपा उम्मीदवार को मिल रहा है। हमारी पार्टी संविधान बचाने के लिए लड़ाई लड़ रही है।