कैबिनेट मंत्री रेखा आर्या ने बिनसर वनाग्नि के पीड़ित परिवारों से की मुलाकात, आर्थिक सहायता के चेक दिए

अल्मोड़ा, 17 जून (हि.स.)। कैबिनेट मंत्री रेखा आर्या ने सोमेश्वर के ग्राम सौडा भेटुली अयारपानी पहुंची। जहां उन्होंने विगत दिनों बिनसर क्षेत्र में वनाग्नि की घटना में अपने प्राण गवाने वाले और घायल कर्मियों के पीड़ित परिवारजनों से मुलाकात कर उन्हें ढांढस बंधाया और अपनी शोक संवेदना व्यक्त की।

उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी द्वारा उक्त घटना का तुरंत संज्ञान लेते हुए घायलों को एम्स दिल्ली रेफर करने के साथ ही उचित मुवावजा दिया गया। साथ ही दोषी अधिकारियों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की गई। उन्होंने मृतक और घायल पीआरडी जवानों के परिजनों को आर्थिक सहायता राशि के चेक भी वितरित किए।

कैबिनेट मंत्री ने घटना पर दुख जताते हुए कहा कि राज्य सरकार पीड़ित परिवारों के साथ खड़ी है। उन्हें हर संभव मदद मिले इसका प्रयास किया गया है। उन्हाेंने कहा कि वनाग्नि में जो घायल हुए हैं उन्हें बेहतर उपचार मिले इसके लिए घायलों को दिल्ली एम्स रेफर किया गया है।

कैबिनेट मंत्री ने मृतक पीआरडी जवान के परिजनों को 1.50 लाख और घायल पीआरडी जवान के परिजनों को 50 हजार की आर्थिक सहायता राशि के चेक भी वितरित किये। साथ ही उन्होंने परिजनों को कहा कि मृतक के आश्रित को नौकरी दी जाएगी।