कैबिनेट मंत्री जोशी बोले- व्यक्तिगत प्रतिबद्धता के साथ व्यवसायिक जिम्मेदारियां बखूबी निभा रहीं महिलाएं

देहरादून, 08 मार्च (हि.स.)। अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस पर शुक्रवार को हाथीबड़कला स्थित कैंप कार्यालय में नारी शक्ति-राष्ट्र शक्ति एवं सम्मान समारोह कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कृषि एवं कृषक कल्याण मंत्री गणेश जोशी ने उत्कृष्ट कार्य करने वाली छह महिलाओं को स्मृति चिन्ह और पुष्प गुच्छ देकर सम्मानित किया। साथ ही समाज में महिलाओं की भागीदारी पर प्रकाश डाला।

अगले तीन वर्षों में प्रदान किए जाएंगे 75 लाख नए एलपीजी कनेक्शन-

कैबिनेट मंत्री जोशी ने महिलाओं का हौसला बढ़ाते हुए कहा कि आज देश-दुनिया में हर क्षेत्र में महिलाएं आगे बढ़ रही हैं। महिलाएं व्यक्तिगत प्रतिबद्धताओं के साथ ही व्यवसायिक जिम्मेदारियां भी अच्छी तरह निभा रही हैं। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के मार्गदर्शन में महिलाओं के लिए 33 प्रतिशत आरक्षण की व्यवस्था की गई है। उन्होंने कहा कि वर्ष 2014 तक 14.52 करोड़ घरों में एलपीजी कनेक्शन थे। वर्ष 2023 में 31.54 करोड़ घरों में उज्ज्वला योजना के तहत एलपीजी कनेक्शन प्रदान किए जा चुके हैं। वित्तीय वर्ष 2023-24 से अगले तीन वर्षों में 75 लाख नए एलपीजी कनेक्शन प्रदान किए जाएंगे। गत सात मार्च को मोदी की अध्यक्षता में केंद्रीय मंत्रिमंडल ने उज्ज्वला गैस सिलेंडर पर मिलने वाली सब्सिडी को एक वर्ष और आगे बढ़ाया है।

महिलाओं के सशक्तिकरण और उनकी आजीविका में सुधार लाएंगी सरकार की योजनाएं-

मंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के मार्गदर्शन और मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में डबल इंजन की भाजपा सरकार महिलाओं के सशक्तिकरण और उनकी आजीविका में सुधार के लिए अनेकों योजनाएं संचालित की है। प्रदेश सरकार ने वर्ष 2025 तक प्रदेश की सवा लाख बहनों को लखपति दीदी बनाने का संकल्प लिया है। भाजयुमो की राष्ट्रीय उपाध्यक्ष नेहा जोशी ने कहा कि महिला सशक्तिकरण और हर क्षेत्र में महिलाओं की सहभागिता सुनिश्चित करने के लिए डबल इंजन की सरकार निरंतर कार्य कर रही है।

इन्हें मिला सम्मान-

भारतीय वायु सेना से सेवानिवृत विंग कमांडर निधि बधानी जो वर्तमान में उत्तराखंड सैनिक कल्याण विभाग में बतौर उप निदेशक सेवारत हैं। भारतीय वायु सेना से सेवानिवृत विंग कमांडर सरिता पंवार जो वर्तमान में उत्तराखंड सैनिक कल्याण विभाग में जिला सैनिक कल्याण अधिकारी हरिद्वार के पद पर सेवारत हैं।

वैज्ञानिक डा. प्रिया बिष्ट शर्मा जो देवभूमि यूनिवर्सिटी में फारेस्ट विभाग में प्रोफेसर हैं। डा. बबीता सहौत्रा जो डीबीएस इंटर कालेज में अध्यापक हैं। जैव प्रौद्योगिकी के क्षेत्र में मास्टर डिग्री की विद्यार्थी प्रिया महावर को स्वर्ण पदक मिला। वहीं महिला सशक्तिकरण के क्षेत्र में अग्रणी, महिलाओं के सामाजिक और आर्थिक उत्थान में सहभागी रोशनी चंदेल भी सम्मानित हुईं।