Gold Rate Today: लगातार दूसरे दिन सस्ता हुआ सोना, लेकिन चांदी की कीमतों में आया भारी उछाल, जानिए क्या है बड़ी वजह
वैश्विक बाजार में मची उठा-पटक का सीधा असर भारतीय सर्राफा बाजार पर दिखने लगा है। आज यानी 19 मई को एक बार फिर सोने और चांदी की कीमतों में बड़ा फेरबदल देखने को मिला है। जहां एक तरफ सोना खरीदने की प्लानिंग कर रहे लोगों के लिए राहत की खबर है और सोने की चमक थोड़ी फीकी पड़ी है, वहीं दूसरी तरफ चांदी खरीदने वालों को अब अपनी जेब ज्यादा ढीली करनी होगी। पिछले दो दिनों के भीतर ही चांदी के भाव आसमान छूने लगे हैं। बाजार के जानकारों के मुताबिक, कच्चे तेल की कीमतों में आ रहे उबाल, अमेरिकी बॉन्ड यील्ड में उछाल और अमेरिका-ईरान के बीच समझौतों को लेकर बनी अनिश्चितता के कारण घरेलू बाजार में कीमती धातुओं के रेट्स स्थिर नहीं रह पा रहे हैं।
सोने की कीमतों में लगातार दूसरे दिन आई गिरावट
सोना खरीदने वालों के लिए आज का दिन थोड़ा राहत भरा है। लगातार दूसरे दिन सोने के दामों में कमी दर्ज की गई है। पिछले दो दिनों के आंकड़ों पर नजर डालें तो 24 कैरेट वाला सोना प्रति दस ग्राम ₹710 तक सस्ता हो चुका है, जबकि 22 कैरेट वाले सोने के दाम में ₹660 की गिरावट आई है। देश की राजधानी दिल्ली की बात करें तो आज यहां 24 कैरेट और 22 कैरेट दोनों ही तरह के सोने में ₹10 प्रति दस ग्राम की मामूली राहत मिली है। इसके अलावा सरकार द्वारा सोने-चांदी पर आयात शुल्क (कस्टम ड्यूटी) को 6 फीसदी से बढ़ाकर सीधे 15 फीसदी किए जाने का असर भी बाजार की चाल पर साफ देखा जा रहा है।
नियमों में बदलाव से चांदी की कीमतों में लगी आग
सोने के विपरीत, चांदी के बाजार में इस समय जबरदस्त तेजी का माहौल है। एक दिन की स्थिरता के बाद चांदी लगातार दूसरे दिन महंगी हुई है। खास बात यह है कि बीते सिर्फ दो दिनों के भीतर दिल्ली में चांदी के दाम प्रति किलोग्राम ₹10,100 तक बढ़ चुके हैं। इस भारी उछाल की सबसे बड़ी वजह सरकार का एक सख्त फैसला है। सरकार ने चांदी की कई कैटेगरीज को 'फ्री' इंपोर्ट लिस्ट से बाहर करके 'रिस्ट्रिक्टेड' (प्रतिबंधित) श्रेणी में डाल दिया है। इसका सीधा मतलब यह है कि अब बिना सरकारी बाबूओं की मंजूरी के विदेशों से चांदी का आयात नहीं किया जा सकेगा। सप्लाई कम होने की आशंका से घरेलू बाजार में चांदी के दाम तेजी से भाग रहे हैं।
आज दिल्ली, मुंबई और कोलकाता जैसे प्रमुख महानगरों में चांदी ₹100 की तेजी के साथ ₹2,90,100 प्रति किलोग्राम के भाव पर बिक रही है। वहीं, चेन्नई में चांदी का भाव ₹3,00,100 प्रति किलोग्राम तक पहुंच गया है, जो देश के चारों बड़े महानगरों में सबसे महंगा है।
देश के 10 बड़े शहरों में आज सोने का ताजा भाव
यदि आप आज सोने के गहने या सिक्के खरीदने की सोच रहे हैं, तो आपके शहर में 18 कैरेट, 22 कैरेट और 24 कैरेट शुद्धता वाले 10 ग्राम सोने की कीमतें क्या हैं, इसे आप नीचे दी गई तालिका में देख सकते हैं:
| शहर | 24 कैरट (10 ग्राम) | 22 कैरट (10 ग्राम) | 18 कैरट (10 ग्राम) |
| दिल्ली | ₹1,56,360 | ₹1,43,340 | ₹1,17,310 |
| लखनऊ | ₹1,56,360 | ₹1,43,340 | ₹1,17,310 |
| जयपुर | ₹1,56,360 | ₹1,43,340 | ₹1,17,310 |
| मुंबई | ₹1,56,210 | ₹1,43,190 | ₹1,17,160 |
| कोलकाता | ₹1,56,210 | ₹1,43,190 | ₹1,17,160 |
| बेंगलुरु | ₹1,56,210 | ₹1,43,190 | ₹1,17,160 |
| हैदराबाद | ₹1,56,210 | ₹1,43,190 | ₹1,17,160 |
| पटना | ₹1,56,260 | ₹1,43,240 | ₹1,17,210 |
| अहमदाबाद | ₹1,56,260 | ₹1,43,240 | ₹1,17,210 |
| चेन्नई | ₹1,60,090 | ₹1,47,490 | ₹1,23,090 |
वैश्विक स्तर पर आर्थिक और राजनीतिक मोर्चे पर जैसी हलचल बनी हुई है, उसे देखते हुए आने वाले दिनों में भी सोने और चांदी की कीमतों में ऐसा ही उतार-चढ़ाव जारी रहने की पूरी संभावना है।