शेयर बाजार के 'बॉलीवुड' स्टॉक्स: किसने बनाया करोड़पति और किसने डुबोए पैसे...
भारतीय शेयर बाजार में केवल मैन्युफैक्चरिंग या आईटी कंपनियों का ही बोलबाला नहीं है, बल्कि ग्लैमर की दुनिया यानी बॉलीवुड और एंटरटेनमेंट इंडस्ट्री की दिग्गज कंपनियां भी लिस्टेड हैं। बालाजी टेलीफिल्मस से लेकर जी एंटरटेनमेंट और पीवीआर आईनॉक्स तक, ये वे नाम हैं जो रोजमर्रा की जिंदगी में मनोरंजन का जरिया बनते हैं। लेकिन निवेशकों के लिए ये कंपनियां कैसी रहीं? आज हम आपको बताएंगे कि इनमें से कौन से स्टॉक्स 'मल्टीबैगर' साबित हुए और किन्होंने निवेशकों को भारी मायूसी दी।
सारेगामा इंडिया: मल्टीबैगर रिटर्न का असली खिलाड़ी
एंटरटेनमेंट स्टॉक्स की रेस में 'सारेगामा इंडिया' ने अब तक सबसे शानदार प्रदर्शन किया है। फिल्म निर्माण और म्यूजिक की दुनिया की इस कंपनी का मार्केट कैप करीब 9,481 करोड़ रुपये है। वर्तमान में इसके शेयर की कीमत 492 रुपये के आसपास है। अगर पिछले ट्रैक रिकॉर्ड की बात करें, तो 2021 में इस स्टॉक ने महज एक साल के भीतर 500% से ज्यादा का बंपर रिटर्न देकर निवेशकों को मालामाल कर दिया था। इस साल भी कंपनी 40% के आसपास रिटर्न देने में कामयाब रही है, जो इसे इस सेक्टर का सबसे मजबूत खिलाड़ी बनाता है।
पीवीआर आईनॉक्स और जी एंटरटेनमेंट: दिग्गजों का बुरा हाल
बाजार में लिस्टेड कुछ बड़ी एंटरटेनमेंट कंपनियों ने निवेशकों को बुरी तरह निराश किया है। देश की सबसे बड़ी सिनेमाघर चेन 'पीवीआर आईनॉक्स' का शेयर प्राइस 987 रुपये के आसपास है, लेकिन पिछले 4 वर्षों से यह शेयर लगातार नेगेटिव रिटर्न दे रहा है। वहीं, ब्रॉडकास्टिंग और प्रोडक्शन की दिग्गज कंपनी 'जी एंटरटेनमेंट' का हाल और भी बुरा है। 600 रुपये के स्तर को छूने वाला यह शेयर आज गिरकर 104 रुपये के आसपास आ गया है। निवेशकों के लिए यह एक बड़ा सबक है कि ग्लैमरस ब्रांड होने का मतलब हमेशा अच्छा रिटर्न मिलना नहीं होता।
बालाजी टेलीफिल्मस और शेमारू: छोटे शेयरों की कहानी
एकता कपूर की कंपनी 'बालाजी टेलीफिल्मस' का मार्केट कैप करीब 1,088 करोड़ रुपये है और इसके शेयर 89 रुपये पर ट्रेड कर रहे हैं, लेकिन रिटर्न के मामले में इसने निवेशकों को खास उत्साहित नहीं किया है। इसी तरह 'शेमारू एंटरटेनमेंट' भी लंबे समय से संघर्ष कर रहा है। 450 रुपये के ऊंचे स्तर से टूटकर आज यह 125 रुपये के आसपास कारोबार कर रहा है। इसके अलावा टिप्स फिल्म्स, सन टीवी, मुक्ता आर्ट्स और इरोज इंटरनेशनल जैसे कई स्टॉक्स भी बाजार में मौजूद हैं, जिनका प्रदर्शन अलग-अलग दौर में उतार-चढ़ाव भरा रहा है।
क्या बॉलीवुड स्टॉक्स में निवेश सुरक्षित है
शेयर बाजार के जानकारों का मानना है कि मीडिया और एंटरटेनमेंट सेक्टर में निवेश काफी रिस्की होता है। इन कंपनियों की कमाई फिल्म के हिट या फ्लॉप होने, कंटेंट की मांग और बदलती तकनीक पर निर्भर करती है। जहां सारेगामा जैसे स्टॉक्स ने अपने म्यूजिक लाइब्रेरी के दम पर लंबी रेस तय की, वहीं सिनेमाघर और ब्रॉडकास्टिंग कंपनियों को ओटीटी (OTT) प्लेटफॉर्म्स के दौर में कड़ी चुनौतियों का सामना करना पड़ रहा है। निवेशकों को सलाह दी जाती है कि किसी भी बॉलीवुड स्टॉक में पैसा लगाने से पहले कंपनी के फंडामेंटल और डिजिटल कंटेंट में उनकी हिस्सेदारी को जरूर देखें।