जनता के आशीर्वाद व कार्यकर्ताओं के परिश्रम से भाजपा की जीत सुनिश्चितः राकेश सिंह

जबलपुर, 1 अप्रैल (हि.स.)। कार्यालय का उद्घाटन का तात्पर्य कार्य के मंदिर का उद्घाटन है। भाजपा के लोकसभा चुनाव कार्य हेतु इस मंदिर से ऐतिहासिक जीत का शंखनाद हो गया है, क्योंकि जनता के आशीर्वाद एवं कार्यकर्ताओं के अथक परिश्रम से भाजपा की जीत सुनिश्चित है एवं पार्टी प्रत्याशी आशीष दुबे ऐतिहासिक मतों से विजय हासिल करेंगे।

यह बात प्रदेश के लोक निर्माण मंत्री राकेश सिंह ने सोमवार शाम को जबलपुर में लोकसभा चुनाव कार्यालय के उद्घाटन के अवसर पर कही। उन्होंने कहा कि देश की जनता प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के काम से प्रसन्न है। देश की जनता मोदी को तीसरी बार प्रधानमंत्री बनाकर लोकसभा में 400 सीटों के साथ भाजपा की सरकार बनाने का मन बना चुकी है। क्योंकि हमारे पास कार्यकर्ताओं की अथाह शक्ति है और जनता अपना आशीर्वाद देने तैयार है।

उन्होंने कहा कि पिछली बार जबलपुर में 4 लाख 56 हजार मतों से चुनाव जीता था एवं इस बार 5 लाख से अधिक मतों से विजय हासिल करना हमारा लक्ष्य है। मध्यप्रदेश की सबसे बड़ी जीत जबलपुर में होगी और ऐतिहासिक रिकॉर्ड बनाकर आशीष दुबे को संसद में पहुंचाकर प्रधानमंत्री मोदी को मजबूत करेंगे।

कार्यक्रम को लोकसभा प्रत्याशी आशीष दुबे एवं नगर अध्यक्ष प्रभात साहू ने भी संबोधित किया। इस अवसर पर पूर्व मंत्री व विधायक अजय विश्नोई, प्रदेश उपाध्यक्ष व सांसद सुमित्रा वाल्मिकी, प्रदेश कोषाध्यक्ष अखिलेश जैन, प्रदेश मंत्री नंदनी मरावी, ग्रामीण अध्यक्ष सुभाष रानू तिवारी, विधायक अशोक रोहाणी, सुशील तिवारी इंदु, नीरज सिंह, महापौर जगत बहादुर सिंह अन्नू, वरिष्ठ नेता रविनंदन सिंह, सुशीला सिंह, अनिल शर्मा, आंनद बर्नार्ड, विजयराज पटेरिया, सदानंद गोडबोले, स्वाति गोड़बोले, शरद जैन, अंचल सोनकर, हरेंद्रजीत सिंह बब्बू, नीलेश अवस्थी, रिंकू विज, एसके मुद्दीन, जीएस ठाकुर, अरविंद पाठक, राजकुमार मेहता उपस्थित रहे।