उपचुनाव में दोनों सीटें रिकॉर्ड मतों से जीतेगी भाजपा: महेंद्र भट्ट

देहरादून, 18 जून (हि.स.)। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के उत्तराखंड में प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट ने विधानसभा उपचुनाव में दोनों सीटें रिकॉर्ड मतों से जीतकर इतिहास रचने का दावा किया है। भट्ट ने कांग्रेस पर पलटवार करते हुए कहा कि भाजपा में आकर सब हमारे अपने हो जाते हैं, लेकिन कांग्रेस अपनों को भी पराया कर देती है।

प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट मंगलवार को यहां मीडिया से अनौपचारिक बातचीत कर रहे थे। उन्होंने बदरीनाथ और मंगलोर विधानसभा सीटों पर कमल खिलने का दावा करते हुए कहा कि जनता का अपने क्षेत्र के विकास के लिए कमल पर मुहर लगाना तय है, क्योंकि इंडी गठबंधन के सरकार में आने वाले झूठ का गुब्बारा फूट चुका है। उन्होंने कहा कि लोकसभा चुनाव के परिणामों ने एक बार पुनः साबित किया है कि देवभूमि में भाजपा का कोई विकल्प नहीं हैं। विपक्ष ने आम चुनाव में यह धारणा स्थापित करने की कोशिश की कि देश में उनकी सरकार आने वाली है, लेकिन जनता के निर्णय के बाद शीशे की तरह साफ हो गया है कि मोदी के मार्गदर्शन और धामी के नेतृत्व में विकास कामों से जनता बेहद प्रसन्न है। उन्होंने दावा करते हुए कहा कि उपचुनाव में कोई भी मतदाता विपक्ष को वो अपना अमूल्य मत बर्बाद नही करने वाला है।

उन्होंने बाहरी उम्मीदवार होने के आरोपों को खीज बताते हुए कहा कि, मुद्दाविहीन, विचारहीन और संगठनविहीन कांग्रेस को तो पार्टी के अंदर या बाहर कहीं भी कोई मजबूत प्रत्याशी नहीं मिलता हैं। जहां तक भाजपा की बात है तो हमारी पार्टी अपने यहां आने वाले सभी लोगों को समान रूप से स्वीकार करती है। लिहाजा हमारे यहां सक्षम एवं मजबूत उम्मीदवार को बिना किसी भेदभाव के आगे बढ़ाया जाता हैं।

उन्होंने कहा कि बदरीनाथ सीट पर तो हमारे पास राजेंद्र भंडारी के रूप में निर्वतमान विधायक हैं, लिहाजा वहां की जनता डबल इंजन सरकार में विकास कार्यों को आगे बढ़ाने के लिए वोट करेगी। वहीं मंगलोर सीट को लेकर उन्होंने कहा कि राज्य निर्माण के बाद पहली बार वे इस सीट को जीतकर इतिहास रचने जा रहे हैं। मंगलोर की जनता क्षेत्र का विकास चाहती है, लिहाजा इस बार विपक्ष की सरकार बनने वाली अफवाह भी कारगर नहीं होने वाली है। लोकसभा चुनाव में कांग्रेस की भ्रम फैलाने वाली रणनीति भी असफल हो गई है, लिहाजा इन उपचुनावों की दोनों सीटें हम प्रचंड बहुमत से जीतने जा रहे हैं।