वोट लूट के खिलाफ मानिकतला थाने के सामने धरने पर बैठी भाजपा

कोलकाता, 10 जुलाई (हि.स.)। मानिकतला उपचुनाव में भाजपा ने तृणमूल कांग्रेस पर वोट लूटने का आरोप लगाया है और पुलिस की निष्क्रियता की भी आलोचना की है। भाजपा समर्थकों ने फूलबागान पुलिस स्टेशन के सामने धरने पर बैठ गई है।
भाजपा के उत्तर कोलकाता संगठनात्मक जिलाध्यक्ष, तमोघ्न घोष ने कहा, “थाने में आने के बाद मुझे काफी देर तक खड़ा रखा गया। कोई बात करने को तैयार नहीं था। फिर मैं बाहर आकर बैठ गया। उसके बाद पुलिस बात करने आई। पुलिस बेशर्मी से तृणमूल को वोट लूटने में मदद कर रही है। तृणमूल के गुंडे हर गली में घूम रहे हैं। पुलिस निष्क्रिय है। इन्हें शर्म आनी चाहिए, क्योंकि इस तरह से लोकतंत्र को कलंकित किया जा रहा है।

शासक दल तृणमूल ने भाजपा के आरोपों को खारिज कर दिया है। तृणमूल नेता कुणाल घोष ने इस बारे में कहा कि कल्याण चौबे 2021 में हारने के बाद तीन साल से क्षेत्र में नहीं थे। उन्होंने उपचुनाव में बाधा डालने के लिए मामला दर्ज कराया। साधन पांडे की मृत्यु के बाद भी उन्होंने चुनाव रोकी, जिससे आम लोग विभिन्न सेवाओं से वंचित रह गए। सुप्रीम कोर्ट की फटकार के बाद मामला वापस लिया गया। अब इतने दिनों बाद फिर से उम्मीदवार बनकर वही आए हैं। उन्होंने इतनी सारी चीजें कीं, तो लोगों का गुस्सा नहीं होगा ? अब यह नाटक करने से कुछ नहीं होगा।

उल्लेखनीय है कि बुधवार को राज्य के चार विधानसभा क्षेत्रों में उपचुनाव हो रहे हैं। ये हैं मानिकतला, नदिया के रानाघाट दक्षिण, उत्तर 24 परगना के बागदा और उत्तर दिनाजपुर के रायगंज। उपचुनाव के लिए मतदान शाम छह बजे तक चलेगा।