भाजपा बोली- चुनाव में विपक्ष के कार्यकर्ता नहीं आए नजर

देहरादून, 20 अप्रैल (हि.स.)। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के प्रदेश महामंत्री आदित्य कोठारी ने राज्य में लोकसभा चुनाव में मतदान कम होने पर कहा कि चुनाव में विपक्ष के कार्यकर्ता पूरी तरह से नदारत रहे जबकि भाजपा के कार्यकर्ता पूरी सक्रियता के साथ चुनाव में लगे हुए थे।

भाजपा प्रदेश महामंत्री आदित्य कोठारी ने कहा कि भाजपा के कार्यकर्ताओं की मेहनत की वजह से ही यह मत प्रतिशत बढ़ा है। इस चुनाव के दौरान शादी विवाह और अन्य मांगलिक कार्यक्रम होने की वजह से लोग घरों से कम निकले। फील्ड में केवल एक ही राजनीतिक दल भाजपा के कार्यकर्ता ही नजर आए। उन्होंने अपने पार्टी के कार्यकर्ताओं के उत्साह के साथ चुनाव मैदान में डटे हुए थे। उन्होंने उम्मीद जताते हुए कहा कि चार जून को परिणाम भाजपा के पक्ष में आएगा।

राज्य में पिछले लोकसभा चुनाव की अपेक्षा इस बार मतदान 55.89 प्रतिशत रहा। हालांकि मतदान के प्रतिशत अभी और घट बढ़ सकता है। साल 2019 के लोकसभा चुनाव में इससे मतदान अधिक हुआ था। इस बार मतदान प्रतिशत कम होने के बावजूद भी भाजपा ने सकारात्मक प्रतिक्रिया दी है। इस बार निर्वाचन की ओर से राज्य में 75 प्रतिशत मतदान कराने का लक्ष्य लिया गया था।