हमीरपुर महोबा संसदीय सीट पर भाजपा की हैट्रिक लगाने की तैयारी

हमीरपुर, 03 मार्च (हि.स.)। हमीरपुर महोबा संसदीय सीट पर इस बार भाजपा ने हैट्रिक लगाने की तैयारी की है। पार्टी ने पुराने चेहरे पर तीसरी बार दांव लगाया है। इसी के साथ ही संसदीय क्षेत्र में राजनैतिक सरगर्मी अब तेज हो गई है।

हमीरपुर महोबा तिंदवारी संसदीय सीट के लिए इस बार भाजपा ने मौजूदा सांसद पुष्पेन्द्र सिंह चंदेल पर तीसरी बार भरोसा जताया है। ये महोबा नगर के रहने वाले है जो वर्ष 2014 से लगातार यहां के सांसद है। एमए करने के बाद इन्होंने एलएलबी किया था। ये छात्र जीवन में ही राजनीति पर कदम रखे थे। वर्ष 2014 में भाजपा ने पुष्पेन्द्र सिंह पर पहली बार दांव लगाया था। उन्होंने अखिलेश यादव की साइकल को पंचर कर संसदीय सीट पर कमल खिलाया था। उन्हें 453884 मिले थे। जबकि सपा के खाते में 187096 मत आए थे। पहली मर्तबा लोकसभा चुनाव के महासमर में पुष्पेन्द्र सिंह चंदेल को 47.045 फीसदी मत हासिल करने में कामयाब रहे थे। सत्रहवीं लोकसभा चुनाव में भी भाजपा ने पुष्पेन्द्र सिंह चंदेल पर दोबारा भरोसा जताया।

भाजपा को घेरने के लिए पूरा विपक्ष एकजुट हो गया था इसके बावजूद यहां संसदीय सीट पर दोबारा भाजपा का कमल खिला था। पुष्पेन्द्रसिंह चंदेल ने सपा बसपा गठबंधन उम्मीदवार को पराजित कर दोबारा सासंद बने थे। उन्हें 575122 (52.77 फीसदी) मत मिले थे। जबकि 326470 मत पाकर गठबंधन उम्मीदवार दूसरे स्थान पर रहा। पिछले बार संसदीय सीट पर ठाकुर बिरादरी के दो उम्मीदवारों में सीधा मुकाबला होने के बाद भी जातीय समीकरण भाजपा के पक्ष में ही बने जिससे गठबंधन उम्मीदवार को चुनावी महासमर में तगड़ा झटका लगा था। बता दे कि हमीरपुर महोबा तिंदवारी संसदीय क्षेत्र में 474000 सामान्य मतदाता है जबकि 690500 ओबीसी, 395000 अनुसूचित जाति व 180000 मुस्लिम मतदाता है।

सत्रहवीं लोकसभा चुनाव में भाजपा के खाते में आए थे सर्वाधिक 52.77 फीसदी वोट

पिछले लोकसभा चुनाव में संसदीय सीट के पांचों विधानसभा क्षेत्रों में भाजपा को छोड़ कोई भी राजनैतिक दल एक लाख मतों का आंकड़ा नहीं टच कर सका। भाजपा उम्मीदवार पुष्पेन्द्र सिंह चंदेल ने हर विधानसभा क्षेत्र से एक लाख से अधिक वोट लेकर यहां नया इतिहास रचा था। राठ विधानसभा क्षेत्र के मतदाताओं का संसदीय सीट पर कमल खिलाने में बड़ा रोल रहा। संसदीय क्षेत्र के हमीरपुर विधानसभा क्षेत्र से भाजपा को 1 लाख 26 हजार 034 वोट मिले थे जबकि राठ विधानसभा क्षेत्र से 1 लाख 36 हजार 134, चरखारी विधानसभा क्षेत्र से 1 लाख 4 हजार 16, महोबा विधानसभा क्षेत्र से 1 लाख 5 हजार 157 व तिंदवारी विधानसभा क्षेत्र से 1 लाख 6 हजार 360 वोट मिले थे।

पिछले चुनाव में सर्वाधिक वोट हासिल कर पुष्पेन्द्र बुंदेलखंड में आए थे दूसरे स्थान पर

पिछले लोकसभा चुनाव (सत्रहवीं) में भाजपा की सुनामी में पूरा विपक्ष साफ हो गया था। हमीरपुर महोबा संसदीय सीट पर पुष्पेन्द्र सिंह चंदेल ने 248652 वोटों के अंतर से कमल खिलाया था। वे बुंदेलखंड में 52.77 फीसदी वोट हासिल कर दूसरे स्थान रहे थे। झांसी. ललितपुर सीट पर भाजपा के अनुराग शर्मा ने 363730 वोटों के अंतर से भगवा फहराया था जबकि जालौन-गरौठा सीट पर भानु प्रताप वर्मा भी 158377 वोटों के अंतर से कमल खिलाया था। बांदा चित्रकूट सीट पर भी भितरघात के बावजूद भाजपा का कमल खिला था। भाजपा के आरके पटेल ने 58938 मतों से जीत दर्ज कराई थी। उन्हें 418988 मत मिले थे। बुंदेलखंड की चारों सीटों पर भाजपा का वोटों का ग्राफ भी बढ़ा।