
भारतीय जनता पार्टी (BJP) के संगठन और सरकार में बड़े बदलाव होने की संभावना है। सूत्रों के मुताबिक, अगले रविवार तक भाजपा के नए राष्ट्रीय अध्यक्ष की घोषणा हो सकती है, साथ ही मंत्रिमंडल में भी विस्तार किया जा सकता है। इसके अलावा, पार्टी संगठन में भी बड़े फेरबदल की संभावना जताई जा रही है। इस बदलाव को देखते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का 19 अप्रैल को जम्मू-कश्मीर का प्रस्तावित दौरा रद्द कर दिया गया है। इस बदलाव की प्रक्रिया को ध्यान में रखते हुए मंगलवार रात पार्टी अध्यक्ष जेपी नड्डा के आवास पर लगभग तीन घंटे तक एक बैठक चली, जिसमें अमित शाह और राजनाथ सिंह भी शामिल थे। इस बैठक में संभावित फेरबदल पर चर्चा की गई। इसके बाद, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू से भी मुलाकात की, जिसके बाद अटकलें और तेज हो गईं।
संगठन और मंत्रिमंडल में संभावित बदलाव:
रिपोर्ट के मुताबिक, भाजपा संगठन में भी बड़ा बदलाव हो सकता है। कुछ नेताओं को संगठन से सरकार में भेजा जा सकता है, जिससे वे मंत्री बन सकते हैं। वहीं, कुछ मंत्रियों को मंत्रिमंडल से हटाकर संगठन में भेजा जा सकता है। सूत्रों का कहना है कि भाजपा में राजनीतिक रूप से एक बड़ा कदम उठाया जा सकता है, और इसी कारण प्रधानमंत्री मोदी का जम्मू-कश्मीर का दौरा फिलहाल टाल दिया गया है। इस दिन प्रधानमंत्री मोदी को जम्मू में वंदे भारत को हरी झंडी दिखानी थी।
बिहार, बंगाल और असम के नेताओं को मंत्रिमंडल में शामिल किया जा सकता है:
भजपा अध्यक्ष जेपी नड्डा और राष्ट्रपति से प्रधानमंत्री की मुलाकात को जोड़कर देखा जा रहा है। चर्चा यह भी है कि पार्टी असम, बंगाल और बिहार से कुछ नेताओं को मंत्रिमंडल में शामिल कर सकती है। इस साल बिहार में विधानसभा चुनाव हैं, जबकि असम और बंगाल में अगले वर्ष चुनाव होने हैं। भाजपा के पार्टी संविधान के अनुसार, यदि संगठन का चुनाव 50 प्रतिशत तक पूरा हो जाता है, तो पार्टी अपना नया राष्ट्रीय अध्यक्ष चुन सकती है। भाजपा संगठन की चुनाव प्रक्रिया पूरी हो चुकी है।
ईडी ने नेशनल हेराल्ड मनी लॉन्ड्रिंग मामले में राहुल, सोनिया पर आरोप लगाए