भाजपा व्यक्ति को संस्कारवान बनाती है, दाग न्यायालय धोता है : महेंन्द्र भट्ट

देहरादून, 06 अप्रैल (हि.स.)। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भटृ ने विपक्ष के दागियों की पार्टी में शामिल होने पर कहा कि दाग धोने का काम न्यायालय करता है और भाजपा संस्कारवान बनाती है।

पार्टी मुख्यालय में प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भटृ ने विभिन्न मुद्दों पर मीडिया के सवालों के जवाब दिया। इस दौरान उन्होंने विपक्ष पर अग्निवीर पर भ्रम फैलाकर युवाओं के भविष्य से खिलवाड़ करने का आरोप लगाते हुए कहा कि कांग्रेस भी जानती है, गारंटी सिर्फ मोदी की है, इसलिए घोषणा पत्र की तरह न्याय पत्र निकाल रही है।

उन्होंने कहा कि पहले भी प्रचार में राहुल और उनके बड़े नेता आए तो कांग्रेस हाफ हो गई थी। अब राहुल के आने के बाद बची खुची कांग्रेस पूरी तरह साफ हो जाएगी। जल्दी ही उनके नेताओं को भी इस सच्चाई का अहसास हो जाएगा।

भट्ट ने वाशिंग मशीन वाले आरोप पर सवाल किया कि जब तक पार्टी छोड़ने वाले उनके नेता कांग्रेस में रहते थे तो दागी नही थे और अब उन्हें अपने ही पुराने साथी उन्हें दागी नजर आ रहे हैं। प्रधानमंत्री मोदी और मुख्यमंत्री धामी के कार्यों से जो जन दबाव बन रहा है उसके कारण बड़ी संख्या में लोग हमारे साथ आ रहे हैं।

उन्होंने स्पष्ट किया कि भाजपा में आने से किसी का दाग नहीं धुलता है। दाग धोने का काम न्यायालय का है,भाजपा संस्कार,विचार देने का काम करती है और अपने साथ आए लोगों को संस्कारवान और जागरूक नागरिक बनाने का काम करती है।

उन्होंने अग्निवीर में कांग्रेस के आरोपों पर पलटवार करते हुए कहा कि आज तक किसी भी अग्निवीर ने इस योजना की आलोचना नहीं की है जबकि देवभूमि में इसको लेकर जबरदस्त उत्साह नजर आता है। कांग्रेस चाहे जिनता भी भ्रम फैला ले सत्ता में दूर-दूर तक नही आने वाली है।

भाजपा अध्यक्ष ने कांग्रेस के घोषणा पत्र पर टिप्पणी करते हुए कहा कि कांग्रेस भी जानती है कि गारंटी सिर्फ मोदी की है, इसलिए न्याय और अलग अलग नामों से घोषणा पत्र जारी कर रही है। जनता कांग्रेस के वादों,संकल्पों और गारंटियों से विगत 60 वर्षों में बखूबी वाकिफ है लिहाजा वे उनके घोषणापत्र पर कतई भरोसा नही करने वाली है। मोदी ने पहले अपने संकल्पों को पूरा किया, फिर वादों को धरातल पर उतारा और आज वे उस मुकाम पर हैं जहां उनकी कही बातों को जनता गारंटी मानती है।