भाजपा नेताओं ने मुख्यालय में जन शिकायतें सुनीं

जम्मू, 1 जुलाई (हि.स.)। सोमवार को भाजपा ने अपने त्रिकुटा नगर स्थित मुख्यालय में साप्ताहिक बैठक का कार्यक्रम फिर से शुरू कर दिया है, जिसमे वह जनता की शिकायतों का निवारण करते हैं। पूर्व उपमुख्यमंत्री डॉ. निर्मल सिंह, जम्मू और कश्मीर भाजपा उपाध्यक्ष और पूर्व मंत्री शाम चौधरी, पूर्व उप महापौर बलदेव सिंह बलोरिया और अन्य नेताओं ने फिर से शुरू किए गए कार्यक्रम के पहले दिन जनता की शिकायतें सुनीं।

लोगों ने प्रतिनिधिमंडल के रूप में पार्टी मुख्यालय का दौरा किया और बिजली, राजस्व, पानी की कमी, पेंशन, सफाई से संबंधित अपनी समस्याओं को भाजपा के वरिष्ठ नेताओं के सामने रखा। डॉ. निर्मल सिंह ने लोगों की समस्याओं और शिकायतों को सुनते हुए कहा कि भाजपा साल के 365 दिन जनता की समस्याओं को संबोधित करने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि अन्य राजनीतिक दलों के विपरीत भाजपा वर्ष भर लोगों की चिंता करती है तथा पार्टी कार्यकर्ता अपनी व्यक्तिगत जरूरतों की कीमत पर भी जनसेवा में लगे रहते हैं।

इस बीच शाम चौधरी ने जनता की समस्याओं को शीघ्र हल करने के लिए पार्टी की प्रतिबद्धता दोहराई। उन्होंने कहा कि पार्टी ने पार्टी के वरिष्ठ नेताओं के सार्वजनिक बैठकों का कार्यक्रम पुनः शुरू किया है ताकि जनता, पार्टी तथा प्रशासन के बीच दोतरफा संवाद का एक सुसंगत माध्यम उपलब्ध हो सके।