भाजपा की तरफ से नुक्कड़ बैठकों का आयोजन कर चुनाव प्रचार को किया जा रहा तेज

आरएस पुरा, 9 अप्रैल (हि.स.)। जम्मू रियासी लोकसभा सीट पर 26 अप्रैल को होने वाले चुनाव को लेकर भारतीय जनता पार्टी की तरफ से लगातार चुनाव प्रचार को तेज किया जा रहा है और लोगों से अपील की जा रही है कि देश में लगातार तीसरी बार भाजपा की सरकार लाने के लिए भाजपा को वोट दें।

मंगलवार को भारतीय जनता पार्टी की तरफ से आरएस पुरा कस्बे की वार्ड नंबर 10 तथा चार में बैठक का आयोजन किया गया। इन बैठकों के दौरान भाजपा के प्रदेश उपाध्यक्ष एवं पूर्व मंत्री चौधरी श्यामलाल, जिला विकास परिषद सदस्य प्रोफेसर गारू राम भगत, भाजपा की जिला अध्यक्ष रेखा महाजन, जिला प्रभारी अयोध्या गुप्ता, महामंत्री आकाश चोपड़ा, मंडल अध्यक्ष विक्रम संधू, नितिन महाजन सहित काफी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता मौजूद रहे।

इस दौरान उन्होंने एक रैली भी निकाली और लोगों से भाजपा के हक में सहयोग मांगा। इस मौके पर भाजपा के प्रदेश उपाध्यक्ष चौधरी श्यामलाल तथा जिला अध्यक्ष रेखा महाजन ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी को लगातार आम लोगों का भरपूर सहयोग मिल रहा है जिससे के बात साबित होती है कि केंद्र में तीसरी बार भाजपा सरकार का आना लगभग तय है। श्याम लाल चौधरी ने कहा कि देश के प्रधानमंत्री ने जिस तरह से देश की बेहतरी के लिए कार्य किया है उस देश का हर वर्ग काफी खुश है। उन्होंने कहा कि भारत पाक सीमा पर जो शांति बनी हुई है उसके लिए भी केंद्र की भाजपा की नीतियां ही लाभकारी हैं।

उन्होंने कहा कि आज किसान तारबंदी के आगे भी खेती कर पा रहा है। इस मौके पर जिला विकास परिषद सदस्य प्रोफेसर गारू राम भगत, जिला प्रभारी अयोध्या गुप्ता एवं महामंत्री आकाश चोपड़ा ने भी अपने विचार रखते हुए केंद्र सरकार की उपलब्धियां को गिनाया और कहा कि देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अध्यक्षता में देश लगातार आगे बढ़ा है और आज भारत देश विश्व गुरु बनने की तरफ आगे बढ़ रहा है।

उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार ने युवाओं को रोजगार देने का काम किया। भ्रष्टाचार पर लगाम लगाने के लिए सरकार ने कई नीतियां बनाई। इस मौके पर मंडल प्रधान विक्रम संधू ने आए हुए सभी लोगों का स्वागत किया और कहा कि आज आरएस पुरा मंडल में भाजपा की तरफ से बैठकों का आयोजन किया गया है और लोगों से भाजपा के हक में समर्थन करने की अपील की गई है।