सपा के घोषणा पत्र को भाजपा ने बताया जनता से धोखे का विजन

लखनऊ,10 अप्रैल (हि.स.)। भारतीय जनता पार्टी(भाजपा) के वरिष्ठ नेता एवं उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक ने बुधवार को भाजपा प्रदेश मुख्यालय पर प्रेस वार्ता में कहा कि समाजवादी पार्टी के मुखिया अखिलेश यादव बुधवार को पार्टी का विजन डॉक्यूमेंट पढ़ रहे थे। मुझे समझ नहीं आया जिस पार्टी का कोई विजन ही नहीं है, वह जनता के लिए क्या विजन देखेगी। उनकी दृष्टि और दृष्टिकोण केवल और केवल परिवार की उन्नति और प्रगति तक ही सीमित है।

उपमुख्यमंत्री ने कहा कि, इंडियन परिवार लीग में सबसे ज़्यादा मैच हार चुकी टीम के मुखिया द्वारा जारी विजन डॉक्यूमेंट में लिखी बातें किसी भी सूरत में सपा की नीतियों से मेल नहीं खाती हैं। कहा कि,सपा मुखिया अपनी करारी हार के डर से मैदान से बाहर हैं। वे चुनाव नहीं लड़ रहे हैं। इनके ख़ुद के चचा भी मैदान से बाहर हो लिये हैं। ये जनता से किये गए धोखे का विजन लिए घूम रहे हैं, जिसमें माफियाराज, गुंडाराज की वापसी की ही बात प्रमुख है।

श्री पाठक ने कहा कि अखिलेश यादव को जब ख़ुद अपने कैंडिडेट्स पर ही एतबार नहीं है, कुछ घंटों में टिकटें बदल दे रहे हैं, तो वे जनता से किए वादे कैसे निभा पायेंगे। इनका विजन और मिशन प्रदेश को लूटना है, संसाधनों पर डाका डालकर अपने परिवार का ही विकास करना है। इनका पीडीए परिवार डिवलपमेंट अथॉरिटी ही है।

उन्होंने बोला कि, उत्तर प्रदेश ने 2012-17 के दौरान इनकी सरकार का शासन देख लिया है। इनसे ऊबकर ही प्रदेश की जनता ने भाजपा को चुना है। क्योंकि उसने मोदी के नेतृत्व में भारत की तरक्की देखी है। यूपी में योगी जी के नेतृत्व में दूसरी बार सरकार जनता के आशीर्वाद से ही बनी है।

उपमुख्यमंत्री ने कहा, इन्होंने सबको सुरक्षा की बात कही है इनकी सरकार में वन डिस्ट्रिक्ट वन माफिया का कल्चर था। माफिया इनकी गाड़ी में घूमा करता था। इन्होंने बहू-बेटियों की सुरक्षा की बात कही है। प्रदेश की जनता यह भूली नहीं है कि प्रदेश में क्या माहौल था। बहू-बेटियाँ घरों से निकलने में डरती थी।

श्री पाठक ने कहा कि यह कहावत आम हो चली है कि जिस गाड़ी में सपा का झंडा उसमें बैठा बड़ा सा गुंडा। इन्होंने नौकरियों की लूट की, इन्होंने ज़मीनों की लूट की, इन्होंने दवाइयों की भी लूट की थी। अपने शासन में ये जनता का राशन भी खा गये थे। ये गुंडों, माफियाओं, भूमाफ़ियों को मंत्री बनाते रहे हैं, सांसद और विधायक बनाते रहे हैं। इनका हित माफिया से जुड़ा है। ये जनहित की बात नहीं कर पायेंगे।

श्री पाठक ने कहा कि, हम जो कहते हैं वो करते हैं। हमने 370 को समाप्त किया, हमने ट्रिपल तलाक़ को ख़त्म किया, सी.ए.ए. को लागू किया। देश की एकता-अखंडता और सुरक्षा के मुद्दे पर हमारी नीति स्पष्ट रही है।

उन्होंने कहा, हमने गरीब कल्याण की दर्जनों योजनाएँ लागू की हैं। मोदी ने ग़रीबों को पक्की छत दी, उन्हें शौचालय की सुविधा, मुफ़्त गैस कनेक्शन, बिजली कनेक्शन, मुफ़्त राशन की सुविधा, 5 लाख तक का स्वास्थ्य बीमा कवर के रूप में आयुष्मान भारत योजना का लाभ दिया है।

उपमुख्यमंत्री ने कहा कि मोदी के प्रति हर भारतीय के मन में सम्मान है। हर भारतीय उनके परिवार का अभिन्न हिस्सा है। मोदी के नेतृत्व को जनता का आशीर्वाद है। इसलिए अबकी बार 400 पार होने जा रहा है। उत्तर प्रदेश में 80 की 80 सीटें भाजपा जीतने जा रही है।