यमुनानगर: लोकसभा में भाजपा हुई हाफ, विधानसभा में होगी पूरी साफ: भूपेंद्र हुड्डा

यमुनानगर, 23 जून (हि.स.)। हरियाणा के पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा ने कहा कि भाजपा लोकसभा में हाफ और विधानसभा में होगी पूरी तरह से साफ। हमारी सरकार में प्रदेश प्रति व्यक्ति आय में, निवेश, खेलों में पदक, सबसे अधिक गन्ने के दाम में नंबर एक था। लेकिन भाजपा के इस 10 साल में हरियाणा प्रदेश बेरोजगारी और महंगाई में नंबर एक बनकर रह गया है।

वे रविवार को जगाधरी के गुप्ता पैलेस में आयोजित कार्यकर्ता धन्यवाद सम्मेलन में बोल रहे थे। इस मौके पर उनके साथ प्रदेश अध्यक्ष चौधरी उदयभान, अंबाला सांसद वरुण चौधरी, पूर्व सांसद कैलाशो सैनी, पूर्व स्पीकर अशोक अरोड़ा, पूर्व स्पीकर अकरम खान, विधायक रेणु बाला, विधायक बीएल सैनी सहित बड़ी संख्या में स्थानीय नेता शामिल रहे। कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा ने कहा कि विधानसभा के चुनाव में सिर्फ 3 महीने का समय रह गया है। सभी कार्यकर्ता घर-घर जाकर भाजपा की जनविरोधी नीतियों के बारे में जिक्र करें, वहीं कांग्रेस के समय की जनहित नीतियों की भी चर्चा करें। उन्होंने कहा कि आज प्रदेश का हर वर्ग भाजपा से पूरी तरह दुखी है। चाहे संपत्ति कर, परिवार पहचान पत्र की बात हो। हर व्यक्ति निगम के चक्कर लगा रहा है।

उन्होंने कहा कि लोकसभा चुनाव में जिस तरह संगठित होकर चुनाव को जीता है। आने वाले विधानसभा के चुनाव में भी आपने मिलकर जिले यमुनानगर के चारों विधायकों को जीता कर भेजना है, मैं आपकी सरकार बना दूंगा। उन्होंने कहा कि हरियाणा प्रदेश के लिए बनाए गए हमारे घोषणा पत्र में बुजुर्गों को 6000 रूपये पेंशन 300 यूनिट बिजली फ्री, 500 रूपये रसोई का गैस सिलेंडर व गरीबों को 100-100 गज के प्लाट मुफ्त दिए जाएंगे और बनाने के लिए साढ़े तीन लाख रुपये की राशि दी जाएगी। उन्होंने कहा कि गरीबों की क्रीमी लेयर की सीमा को सरकार आने पर 10 लाख रुपये की जाएगी। प्रदेश में जो दो लाख नौकरियां सरकारी पड़ी है उनको भी हम भरने का काम करेंगे। इस मौके पर प्रदेश अध्यक्ष उदय बाल सांसद वरुण चौधरी सहित उपस्थित सभीमंत्री व नेताओं ने भी अपने विचार रखे।