कर्नाटक में महिला की हत्या पर भाजपा हमलावर, कहा- राज्य में है लचर कानून व्यवस्था

नई दिल्ली, 19 अप्रैल (हि.स.)। कर्नाटक में 23 साल की एक महिला की हत्या पर रोष जताते हुए भारतीय जनता पार्टी ने इसके लिए कांग्रेस की सरकार को जिम्मेदार ठहराया है। भाजपा ने कहा कि कांग्रेस की सरकार अपराधियों को संरक्षित करने का काम कर रही है। राज्य में कानून व्यवस्था पूरी तरह से ध्वस्त हो चुकी है।

शुक्रवार को भाजपा मुख्यालय में आयोजित संवाददाता सम्मेलन में पार्टी प्रवक्ता शाजिया इल्मी ने आरोप लगाया कि कर्नाटक में कांग्रेस की ही पार्षद की बेटी की हत्या सरेआम कर दी जाती है और प्रशासन कुछ नहीं करता। राज्य में महिलाएं बिलकुल सुरक्षित नहीं है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस तो हमेशा से तुष्टीकरण की राजनीति करते आई है। इंडी गठबंधन अपराधियों को संरक्षण देने की कोशिश करते हैं, कट्टरवादियों को संरक्षण देने का काम किया जा रहा है। कर्नाटक में पानी की किल्लत है लेकिन कांग्रेस सरकार तुष्टीकरण की राजनीति में व्यस्त है ।

उल्लेखनीय है कि गुरुवार को एक कॉलेज परिसर के अंदर कर्नाटक कांग्रेस पार्षद की बेटी की हत्या कर दी गई। 23 वर्षीय मास्टर्स ऑफ कंप्यूटर एप्लीकेशन (एमसीए) की छात्रा नेहा हिरेमथ पर गुरुवार को हुबली के बीवीबी कॉलेज के परिसर में फैयाज ने हमला किया था। सीसीटीवी फुटेज में फैयाज को भागने से पहले नेहा को कई बार चाकू मारते हुए देखा जा सकता है। पुलिस ने कहा कि महिला की मौत फैयाज द्वारा किए गए कई चाकू के वार से हुई है। बाद में फैयाज को गिरफ्तार कर लिया गया।