दिल्ली विधानसभा चुनाव में भाजपा की जीत के बाद आज मुख्यमंत्री के नाम की घोषणा की जाएगी। भाजपा विधायक दल के नेता के चुनाव के लिए दो केंद्रीय पर्यवेक्षक नियुक्त किए गए हैं। भारतीय जनता पार्टी के सांसद रविशंकर प्रसाद और पार्टी के राष्ट्रीय सचिव ओम प्रकाश धनखड़ को केंद्रीय पर्यवेक्षक की जिम्मेदारी सौंपी गई है।
भाजपा विधायकों की बैठक बुधवार शाम करीब सात बजे पंत मार्ग स्थित प्रदेश पार्टी मुख्यालय में शुरू होने वाली है, जहां 48 नवनिर्वाचित विधायक दिल्ली के नए मुख्यमंत्री का चुनाव करेंगे।
भाजपा के राष्ट्रीय महासचिव अरुण सिंह की ओर से बुधवार को जारी आदेश में कहा गया है- भाजपा संसदीय बोर्ड ने सांसद व पूर्व केंद्रीय मंत्री रविशंकर प्रसाद और भाजपा के राष्ट्रीय सचिव ओम प्रकाश धनखड़ को दिल्ली प्रदेश में विधायक दल के नेता के चुनाव के लिए केंद्रीय पर्यवेक्षक नियुक्त किया है।