बिहार में बड़ा प्रशासनिक फेरबदल: सम्राट सरकार ने 15 सीनियर IAS अधिकारियों को बदला

बिहार में बड़ा प्रशासनिक फेरबदल: सम्राट सरकार ने 15 सीनियर IAS अधिकारियों को बदला

नीतीश-सम्राट सरकार का 'एक्शन मोड': सचिवालय से प्रमंडल तक बदलाव बिहार की एनडीए (NDA) सरकार ने शुक्रवार को प्रशासनिक गलियारे में बड़ी सर्जरी की है। मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के नेतृत्व में शासन को और अधिक चुस्त-दुरुस्त बनाने के लिए भारतीय प्रशासनिक सेवा (IAS) के 15 वरिष्ठ अधिकारियों का एक साथ तबादला कर दिया गया है। इस फेरबदल में शिक्षा विभाग, पथ निर्माण विभाग और स्वास्थ्य अभियंत्रण जैसे महत्वपूर्ण महकमों के सचिव बदले गए हैं। साथ ही, कई प्रमंडलों के आयुक्तों (Commissioners) को भी नई जिम्मेदारी सौंपी गई है।

शिक्षा विभाग को मिला नया सचिव, बी राजेंदर कार्यमुक्त इस पूरे फेरबदल में सबसे बड़ा बदलाव शिक्षा विभाग में देखने को मिला है। बिहार के मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी विनोद सिंह गुंजियाल अब शिक्षा विभाग के नए सचिव होंगे। उनके पास विभाग का संपूर्ण प्रभार रहेगा। इसके साथ ही वह खेल विभाग के सचिव का अतिरिक्त प्रभार भी संभालेंगे। इस नियुक्ति के साथ ही बी राजेंदर को शिक्षा विभाग के अतिरिक्त प्रभार से मुक्त कर दिया गया है, हालांकि वे सामान्य प्रशासन विभाग के अपर मुख्य सचिव (ACS) बने रहेंगे।

इन प्रमुख विभागों के बदले गए मुखिया

श्रम संसाधन विभाग: 1996 बैच के अनुभवी आईएएस सैंथिल कुमार को श्रम संसाधन विभाग का अपर मुख्य सचिव बनाया गया है। वह पिछड़ा और अति पिछड़ा कल्याण विभाग का अतिरिक्त प्रभार भी संभालेंगे।

पथ निर्माण विभाग: पीएचईडी (PHED) के सचिव पंकज कुमार पाल को अब पथ निर्माण विभाग की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी दी गई है।

PHED: कोसी और पूर्णिया के प्रमंडलीय आयुक्त राजेश कुमार का तबादला पटना कर दिया गया है, वे लोक स्वास्थ्य अभियंत्रण विभाग (PHED) के प्रधान सचिव होंगे।

गन्ना उद्योग: सहकारिता विभाग के सचिव धर्मेंद्र सिंह को अब गन्ना उद्योग विभाग का सचिव नियुक्त किया गया है।

प्रमंडलों में नई नियुक्तियां: आयुक्तों का इधर-उधर सरकार ने प्रमंडलीय स्तर पर भी बड़ा फेरबदल किया है। भागलपुर के प्रमंडलीय आयुक्त अवनीश कुमार सिंह को पटना बुलाकर खान एवं भूतत्व विभाग का सचिव बनाया गया है। मुंगेर के आयुक्त प्रेम सिंह मीणा अब भागलपुर प्रमंडल के आयुक्त का अतिरिक्त प्रभार भी संभालेंगे। वहीं, दरभंगा के आयुक्त हिंमाशु कुमार राय को कोसी प्रमंडल का अतिरिक्त प्रभार दिया गया है। एक दिलचस्प बदलाव पूर्णिया में हुआ है, जहां के जिलाधिकारी (DM) अंशुल कुमार को अब पूर्णिया के प्रमंडलीय आयुक्त का अतिरिक्त प्रभार भी सौंपा गया है।

सूचना प्रौद्योगिकी और जीविका में बदलाव खाद्य एवं उपभोक्ता संरक्षण विभाग के सचिव अभय कुमार सिंह को सूचना प्रावैधिकी विभाग (IT) में भेजा गया है, उनके पास बेल्ट्रॉन के प्रबंध निदेशक का भी प्रभार रहेगा। जीविका के सीईओ हिमांशु शर्मा को विज्ञान प्रावैधिकी एवं तकनीकी शिक्षा विभाग का प्रभारी सचिव बनाया गया है, वे जीविका का काम भी देखते रहेंगे। इसके अलावा, मुख्यमंत्री सचिवालय में श्रीकांत कुंडलिक खांडेकर और गुंजन सिंह को संयुक्त सचिव के पद पर तैनात किया गया है।

Tags:

Latest Posts