भारतीय किसान संघ ने चौ. चरण सिंह की सेवाओं को किया याद

झज्जर, 29 मई (हि.स.)। पूर्व प्रधानमंत्री चौधरी चरण सिंह को बुधवार को उनकी पुण्यतिथि के मौके पर बहादुरगढ़ में याद किया गया। भारतीय किसान संघ के कार्यालय में संघ के प्रदेश अध्यक्ष सतीश छिकारा और अन्य लोगों ने किसानों के बड़े हितैषी रहे चौ. चरण सिंह के चित्र के चित्र के समक्ष पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी।

इस मौके पर किसानों को संबोधित करते हुए भारतीय किसान संघ के प्रदेश अध्यक्ष सतीश छिकारा ने कहा कि चौ. चरण सिंह किसान-मजदूरों के सच्चे हितैषी थे। उन्होंने कहा कि हमारा देश कृषि प्रधान देश माना जाता है। देश के किसान ही देश के अन्नदाता हैं लेकिन उनकी सुविधाओं की वास्तविक सुधि लेने वाले राजनेता बहुत कम हुए। एक चौधरी चरण सिंह ही रहे जिनको हर पीढ़ी का किसान याद करता है। चौधरी चरण सिंह किसानों के मसीहा थे। उनका मानना था कि देश का भला तब तक नहीं हो सकता जब तक गांवों का विकास न किया जाए। चौधरी चरण सिंह ने कहा था कि देश की खुशहाली का रास्ता गांवों से होकर गुजरता है।

किसान नेता सतीश छिकारा ने कहा कि यदि हम चौधरी चरण सिंह द्वारा दिखाए गए मार्ग पर चलकर ईमानदारी व निष्ठापूर्वक कार्य करते हुए देश, प्रदेश तथा किसानों की प्रगति में अपना योगदान देते हैं तो यह इस महान नेता के प्रति हमारी सच्ची श्रद्धांजलि होगी। इस अवसर पर मास्टर पुरुषोतम छिकारा, राम सिंह, विजय दिनोदिया, राकेश, अशोक, सुरेन्द्र, सौरभ, सोनू, कुलदीप जांगड़ा, अमित, कपिल, मिकी, जय भगवान आदि मौजूद रहे।