भारतीय जनतंत्र मोर्चा धनबाद लोकसभा सीट पर लड़ेगी चुना : सरयू राय

धनबाद, 22 अप्रैल (हि. स.)। भारतीय जनतंत्र मोर्चा सुप्रीमो सरयू राय ने कहा कि उनकी पार्टी धनबाद लोकसभा सीट से चुनावी मैदान में उतरेगी। उन्होंने कहा कि पार्टी अगले 24 घंटे के भीतर अपने पार्टी के प्रत्याशी के नाम की घोषणा कर देगी। सरयू राय ने कहा की उन्होंने कांग्रेस प्रत्याशी अनुपमा सिंह को समर्थन नहीं दिया है। राय ने कहा कि अनुपमा सिंह उनसे मिलने जरूर आई थी, लेकिन उन्होंने व्यक्तिगत आशीर्वाद दिया था जो एक बेटी और बहू को दिया जाता है। सोमवार को सरयू राय प्रेस कॉन्फ्रेंस को संबोधित कर रहे थे।

सरयू राय ने इस दौरान केंद्र की भाजपा सरकार पर जमकर प्रहार किया। उन्होंने कहा कि भाजपा के प्रदेश महामंत्री ने चुनाव आयोग में जो एफिडेविट दिया है उसके अनुसार भाजपा प्रत्याशी ढुल्लू महतो पर अभी 19 मामले लंबित है और केवल दो मामलों में ही उन्हें सजा हुई है। जबकि वर्ष 2022 में धनबाद के एसएसपी ने झारखंड उच्च न्यायालय में एक रिपोर्ट दाखिल किया था, जिसके अनुसार भाजपा प्रत्याशी ढुलू महतो पर इससे कहीं ज्यादा मामले लंबित है। साथ ही उन्हें चार मामलों में सजा हुई है। उन्होंने कहा कि लंबित मामलों में कई संगीन धाराओं वाले भी केस दर्ज हैं, जिसमें 5 से 10 वर्ष तक की सजा हो सकती है।

वहीं सूत्रों की माने तो सरयू राय खुद धनबाद लोकसभा सीट से चुनाव लड़ सकते हैं। वह फिलहाल जमशेदपुर पश्चिमी सीट से विधायक हैं। यह सीट उन्होंने तत्कालीन मुख्यमंत्री रघुवर दास को हराकर जीता था। यदि सरयू राय धनबाद लोकसभा सीट से चुनाव लड़ते हैं तो बीजेपी और कांग्रेस दोनों के लिए परेशानी हो सकती है। सरयू राय हाल के दिनों में बीजेपी प्रत्याशी ढुल्लू महतो के उपर हमलावर दिखे हैं।