मोटापा कम करने के लिए सबसे अच्छा व्यायाम!

बिना एक्सरसाइज के मोटापे से छुटकारा पाना नामुमकिन है। लेकिन शरीर में जमा चर्बी को पिघलाने के लिए बहुत कठिन वर्कआउट की जरूरत नहीं होती। इसे बहुत ही आसान एक्सरसाइज की मदद से कम किया जा सकता है। यहां हम आपको ऐसी ही कुछ शारीरिक गतिविधियों के बारे में बता रहे हैं।

मोटापे की शुरुआत पेट के आस-पास चर्बी के जमा होने से होती है। शरीर से बाहर निकला हुआ पेट न केवल देखने में बुरा लगता है बल्कि दिल के लिए भी ख़तरा पैदा करता है। 

मोटापा हृदय रोग और मधुमेह जैसी जानलेवा बीमारियों के लिए एक अहम कारक है। ऐसे में अगर आप भी मोटापे की समस्या से जूझ रहे हैं तो यहां जानिए इससे जल्द से जल्द कैसे छुटकारा पाया जाए। इस लेख में हम आपको कुछ ऐसी एक्सरसाइज के बारे में बता रहे हैं जिनके लिए आपको जिम जाने की जरूरत नहीं पड़ेगी और मोटापा कम होने के साथ-साथ दिल भी मजबूत होने लगेगा। 

तेज़ी से चलना

तेज चलना एक आसान और कारगर व्यायाम है। यह न केवल वजन कम करने में मदद करता है बल्कि आपके दिल को भी स्वस्थ रखता है। हर रोज़ 30 मिनट की तेज सैर आपको मोटापे और कई खतरनाक बीमारियों से बचा सकती है।

धीमी दौड़

कैलोरी बर्न करने के लिए दौड़ना एक बहुत ही कारगर और किफायती तरीका है। आप इसे अपने घर की छत और किसी पार्क में आसानी से कर सकते हैं। ध्यान रखें कि शुरुआत में धीमी गति से दौड़ें और फिर धीरे-धीरे गति बढ़ाएँ। 

साइकिल चलाना 

साइकिल चलाना एक ऐसा व्यायाम है जो आपके पेट और पैर की मांसपेशियों को मजबूत बनाता है। आप इसे घर पर साइकिलिंग मशीन पर या बाहर साइकिल चलाकर कर सकते हैं।

सूर्य नमस्कार

सूर्य नमस्कार पूरे शरीर के लिए एक बेहतरीन व्यायाम है। यह आपके पाचन को स्वस्थ रखता है और वसा को कम करने में भी मदद करता है। प्रतिदिन 12 से 15 सूर्य नमस्कार करने का प्रयास करें।

स्क्वाट

स्क्वाट एक ऐसा व्यायाम है जो पैरों और पेट की मांसपेशियों को मजबूत करता है। इसे करने के लिए सीधे खड़े हो जाएं और अपने पैरों को कंधे की चौड़ाई पर थोड़ा अलग रखें। अपने हाथों को सामने की ओर सीधा रखें। ऐसे बैठें जैसे आप कुर्सी पर बैठे हों। घुटने 90 डिग्री के कोण पर मुड़े होने चाहिए। सीधी स्थिति में वापस आएँ।