गढ़वा में फंदे से लटकता मिला बीडीओ का शव

पलामू, 27 अप्रैल (हि.स.)। गढ़वा जिले के विशुनपुरा के प्रखंड विकास पदाधिकारी हीरक मन्नान केरकेटा का शव शनिवार की दोपहर उनके आवास पर फंदे से झूलता मिला।

जानकारी के अनुसार शनिवार सुबह से ही उनके आवास का दरवाजा बंद था। जब ब्लॉक स्टाफ दोपहर तीन बजे किसी कागजात पर उनसे हस्ताक्षर कराने गए तो दरवाजा बंद था। कर्मियों ने इसकी सूचना विशुनपुरा थाने को दी। पुलिस ने खिड़की से झांक कर देखा तो उनका शव रस्सी के फंदे से झूल रहा था। वरीय अधिकारियों के पहुंचने एवं परिजनों की सहमति के बाद डेड बॉडी को फंदे से उतारा जाएगा।

बीडीओ ने आत्महत्या क्यों की, यह स्पष्ट नहीं हो पाया। प्रखंड के बड़े पदाधिकारी का सुसाइड कर लेना चिंता का विषय है। गढ़वा के एसपी दीपक पांडेय ने घटना की पुष्टि की है। उन्होंने बताया कि हत्या एवं आत्महत्या के एंगल पर जांच की जाएगी।