शिबू सोरेन की विरासत को बचाने के लिए जल्द ही पार्टी छोड़ देंगे बसंत सोरेन : निशिकांत दुबे

दुमका, 06 अप्रैल (हि.स.)। गोड्डा से भाजपा सांसद निशिकांत दुबे ने दावा करते हुए कहा है कि झामुमो सुप्रीमो शिबू सोरेन के बेटे बसंत सोरेन जल्द ही पार्टी छोड़ देंगे। निशिकांत दुबे आदर्श आचार संहिता उल्लंघन के एक मामले में दुमका के एमपी-एमएलए की विशेष अदालत में पेश होने को शनिवार को दुमका पहुंचे थे।

अदालत के बाहर पत्रकारों से सवाल जवाब के दौरान बड़ा दावा करते हुए निशिकांत दुबे ने कहा कि शिबू सोरेन की विरासत को बचाने के लिए उनके छोटे पुत्र बसंत सोरेन जून-जुलाई तक झामुमो छोड़ देंगे। यह भी दावा किया कि वर्ष 2025 आते-आते झामुमो कई टुकड़ों में बंट जायेगा। कोई झामुमो सोरेन बनेगा, तो कोई झामुमो चंपाई तो कोई झामुमो मथुरा गुट बनायेगा। झामुमो का सिंबल भी जब्त हो जायेगा।

निशिकांत दुबे ने कहा कि हजारीबाग में एक कंपनी है इनलैंड पावर। इसने हजारीबाग के झामुमो जिला अध्यक्ष बास्की के अकाउंट में करोड़ों रुपये जमा किए हैं। यह राशि बास्की द्वारा जमशेदपुर के अंजया स्टील को भेजी जा रही है। उन्होंने कहा कि अंजया स्टील हेमंत सोरेन की बेनामी संपत्ति है। आज नहीं तो कल, इसका बड़ा खुलासा होने वाला है।

उन्होंने सवालिया लहजे में कहा कि आखिर इनलैंड पावर क्यों करोड़ों रुपये झामुमो जिला अध्यक्ष बास्की के खाता में देगा? सारा बैंक अकाउंट ईडी को दिया गया है। यहां सिर्फ जमीन की ही लूट नहीं बल्कि फैक्टरी की भी लूट हुई है। संपत्ति बनायी गयी है। जब लोकपाल की जांच बढ़ेगी जिसमें शिबू सोरेन, उनकी पत्नी और परिवार के लोग दायरे में आएंगे तो सोरेन परिवार में सीता सोरेन और उनके परिवार के अलावा कोई भी चुनाव लड़ने के लायक नहीं रहेगा।

निशिकांत दुबे ने कहा कि उनकी बातों को झामुमो महासचिव सुप्रियो भट्टाचार्य हवा में उड़ा देते हैं, जिस दिन सरफराज अहमद ने त्यागपत्र दिया था, उसी वक्त उन्होंने कहा था कि सरफराज अहमद राज्यसभा के सदस्य होंगे और वह सच साबित हुआ। कल्पना सोरेन गांडेय विधानसभा की उम्मीदवार होंगी, वह भी सत्य साबित हुआ। अब तीसरी भविष्यवाणी यह है कि जिस दिन कल्पना चुनाव जीत कर आयेंगी, धक्का मार कर चंपाई सोरेन को बाहर कर देंगी। वह इस प्रदेश की सीएम होंगी क्योंकि हेमंत सोरेन को बेल मिलने नहीं जा रही है। दो बातें सत्य हो चुकी हैं, तीसरी बात भी सत्य होगी।