बैसाखी स्नान: मेला क्षेत्र को चार सुपर जोन, 13 जोन एवं 39 सेक्टर में बांटा

हरिद्वार, 12 अप्रैल (हि. स.)। सोमवार को सोमवती अमावस्या स्नान पर्व पर उमड़ी श्रद्धालुओं की भारी भीड़ के बाद शनिवार को बैशाखी स्नान के लिए पुलिस ने चाकचौबंद व्यवस्थाएं की हैं। आज एसएसपी प्रमेन्द्र डोबाल ने स्नान पर्व के लिए नियुक्त पुलिस फोर्स को ब्रीफ किया। मेला क्षेत्र को 4 सुपर जोन, 13 जोन एंव 39 सेक्टरों में विभाजित किया गया है।

बैसाखी मेला प्रतिवर्ष 13 अप्रैल को होता है। सूर्य का मेष राशि में संक्रमण 14 अप्रैल को होने से पुण्यकाल का स्नान अगले दिन होता है। बैसाखी पर मुख्य रूप से पंजाब और हरियाणा के लाखों यात्री यहां गंगा नहाने आते हैं। उत्तर प्रदेश के किसानों की संख्या भी काफी होती है। मान्यता है कि बैसाखी का गंगा स्नान करने के बाद ही गांव लौटकर फसल में पहली दरांती लगाई जाती है। अनेक किसान तो अपनी दरांती को भी गंगा में डुबोकर स्नान कराते हैं, ताकि गंगा मैया में स्नान के बाद कटान से उपज बढ़िया बिके।

ब्रीफिंग के दौरान एसएसपी ने कहा कि नियुक्त पुलिस बल को आपसी ताल-मेल बनाते हुए स्नान पर्व को निर्विघ्न सम्पन्न कराना है। उन्होंने कहा कि पुलिस बल को अपनी ड्यूटी की जानकारी व ट्रैफिक प्लान स्पष्ट रूप से मालूम होना चाहिए। ड्यूटी के दौरान अनावश्यक फोन का प्रयोग न करें। मन्सा देवी, चण्डी देवी व घाटों पर अधिक दबाव रहेगा। वहां तैनात अधिकारी मंदिरों व घाटों पर अधिक भीड़ एकत्र न होने दें। श्रद्धालुओं से जगह खाली कराते रहें ताकि दूसरे श्रद्धालु स्नान व दर्शन कर सकें। जल पुलिस को सतर्कता बरतने की जरूरत है। सभी घाटों में जल पुलिस सक्रिय रहे और पेट्रोलिंग करते रहे। किसी के डूबने की सूचना पर तत्काल रिस्पांस करें।

बैशाखी स्नान पर्व को सम्पन्न कराने के लिए 630 पुलिसकर्मियों की तैनाती की गई है। जिनमें 5 अपर पुलिस अधीक्षक, 13 पुलिस उपाधीक्षक 20 निरीक्षक/थानाध्यक्ष, 67 सब-इंस्पेक्टर/अपर उप निरीक्षक, 17 महिला उप निरीक्षक, 346 मुख्य प्ररक्षी/आरक्षी, महिला मुख्य आरक्षी/आरक्षी-74 तथा यातायात पुलिस में 3 निरीक्षक यातायात उप निरीक्षक, 7 उप निरीक्षक /अपर उप निरीक्षक यातायात, 38 मुख्य आरक्षी/आरक्षी यातायात, 17 अभिसूचना इकाई 2 टीम बी.डी.एस. टीम/डॉगस्कवॉड, 2 टीम घुड़सवार पुलिस, 15 जल पुलिस कर्मचारीगण मय बोट, 2 कम्पनी पीएसी, 2 प्लाटून पीएसी शामिल हैं।