महिला सशक्तिकरण एवं रक्षा के क्षेत्र में निभाएंगे बड़ी भूमिका : बाबूलाल मरांडी

– केंद्रीय मंत्रिमंडल में झारखंड से शामिल मंत्रीगण को महत्वपूर्ण विभाग मिलने पर प्रदेश भाजपा ने जताया आभार

रांची, 10 जून (हि.स.)। प्रदेश भाजपा के नेताओं ने मोदी मंत्रीमंडल में शामिल भाजपा के दोनों मंत्री को महत्वपूर्ण विभाग मिलने पर खुशी जाहिर करते हुए प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी एवं राष्ट्रीय नेतृत्व के प्रति आभार प्रकट किया है। केंद्रीय मंत्रिमंडल में शामिल रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह, गृह मंत्री अमित शाह, स्वास्थ्य मंत्री जेपी नड्डा, सड़क परिवहन मंत्री नितिन गडकरी सहित सभी मंत्रीगण को प्रदेश भाजपा ने नए कार्यकाल एवं दायित्व के लिए बधाई व शुभकामनाएं दी है।

प्रदेश भाजपा अध्यक्ष बाबूलाल मरांडी ने सोमवार को प्रधानमंत्री का आभार प्रकट करते हुए झारखंड के दोनों मंत्री अन्नपूर्णा देवी को महिला, बाल विकास एवम समाज कल्याण तथा राज्य मंत्री संजय सेठ को रक्षा मंत्रालय की जिम्मेदारी मिलने पर शुभकामनाएं दी है। मरांडी ने कहा कि झारखंड के दोनों मंत्रीगण अपने अपने विभाग के माध्यम से महिला सशक्तिकरण एवं देश के रक्षा क्षेत्र को सुदृढ़ और आत्मनिर्भर बनाने में अपना महत्वपूर्ण योगदान देंगे।

नेता प्रतिपक्ष अमर कुमार बाउरी ने बधाई एवं शुभकामनाएं देते हुए कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी जी के कुशल नेतृत्व में मोदी 3.0 टीम विकसित भारत ,आत्मनिर्भर भारत,सशक्त भारत के संकल्प को साकार करेगी।

बधाई देने वालों में क्षेत्रीय संगठन महामंत्री नागेंद्र त्रिपाठी, प्रदेश संगठन महामंत्री कर्मवीर सिंह प्रदेश महामंत्री एवं सांसद आदित्य साहू, डॉ प्रदीप वर्मा, मनोज कुमार सिंह सहित सभी प्रदेश पदाधिकारीगण मोर्चा, प्रकोष्ठ, विभाग के पदाधिकारी कार्यकर्ता शामिल हैं।