अरविंद केजरीवाल के भ्रष्टाचार की कलई खुल गई : डॉ महेन्द्रनाथ

वाराणसी, 02 अप्रैल (हि.स.)। केन्द्रीय मंत्री और चंदौली संसदीय सीट से भाजपा के उम्मीदवार डॉ महेन्द्रनाथ पांडेय ने मंगलवार को सिगरा गुलाबबाग स्थित पार्टी कार्यालय में आम आदमी पार्टी पर जमकर निशाना साधा। आयोजित पत्रकार वार्ता में डॉ पांडेय ने विष्णु शर्मा की पंचतंत्र की प्राचीन कहानी रंगा सियार सुनाई।

उन्होंने कहा कि कथा ‘आप’ पर सटीक बैठती है। कथा में गलती से एक सियार शहर में घुस गया और रंगरेज के नीले रंगों के कड़ाही में गिर पड़ा। वह नीला होकर जंगल में पहुंचा तो जानवरों ने रंग देखकर उसको अपना राजा मान लिया। थोड़े दिनों वह राजा रहा। जब बरसात हुई तो उसका नीला रंग धुल गया तो उसकी कलई खुल गई। आज आजन्म भ्रष्टाचार में आकंठ डूबी आम आदमी पार्टी की आबकारी नीति बनाने में न्यायालय में भी सुनवाई नही हो रही है। जब ईडी के भ्रष्टाचार नियंत्रण की कड़ी बरसात हुई तो अरविंद केजरीवाल की कलई खुल गई। अन्ना आंदोलन में अच्छा आंदोलन शुरू हुआ था जिसको सत्ता के लोभ में अरविंद केजरीवाल ने नष्ट किया।

उन्होंने आरोप लगाया कि पूरे देश में अरविंद केजरीवाल सबसे भ्रष्ट मुख्यमंत्री है। केन्द्रीय मंत्री ने इंडी गठबंधन को निशाने पर लेकर कहा कि एक दिन पहले हम सभी ने दिल्ली के रामलीला मैदान में भ्रष्टाचार के भाईचारा का डेली सोप देखा। हमने देखा कि भ्रष्टाचारी किस घमंड से अपने भ्रष्टाचार को जस्टिफाई कर रहे हैं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी कहते हैं कि ‘भ्रष्टाचार हटाओ’, मगर इंडी गठबंधन के नेता कहते हैं कि भ्रष्टाचारी को बचाओ। इंडी गठबंधन के नेता प्रधानमंत्री मोदी पर चाहे जितने भी हमले कर ले, प्रधानमंत्री मोदी रुकने वाले नहीं है।

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के लिए देश की 140 करोड़ जनता उनका परिवार है। प्रधानमंत्री मोदी अपने परिवार को भ्रष्टाचारियों से बचाने की लड़ाई लड़ रहे हैं। उन्होंने कहा कि जिसने देश को लूटा है, उसे लौटाना ही पड़ेगा। यह मोदी की गारंटी है।

केन्द्रीय मंत्री ने तंज कसते हुए कहा कि इंडी गठबंधन घोटालेबाजों की बारात है। जहां सब देश को लूटना चाहते हैं और यह भी चाहते हैं कि उसके भ्रष्टाचार पर चर्चा न हो। और यह भी चाहते हैं कि कोई एक्शन भी न हो। केन्द्रीय मंत्री ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की जमकर तारीफ की।

उन्होंने कहा कि आज देश में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की वजह से चाहे वह मन की बात हो या फिर क्षेत्र में निरंतर प्रवास या फिर अपनी योजनाओं से गरीब जनता का भला करने का जो कार्य किया है। इससे देश की जनता मोदी से जुड़ाव महसूस कर रही है।

वार्ता में भाजपा काशी क्षेत्र के अध्यक्ष दिलीप पटेल, जिला अध्यक्ष और एमएलसी हंसराज विश्वकर्मा, महानगर अध्यक्ष विद्यासागर राय, क्षेत्रीय मीडिया प्रभारी नवरतन राठी, संतोष सोलापुरकर भी मौजूद रहे।