अरुणाचल के भाजपा विधायक फ़ोसुम खिमहून का दिल का दौरा पड़ने से निधन

इटानगर, 09 मार्च (हि.स.)। अरुणाचल प्रदेश के भाजपा विधायक फोसुम खिमहून का दिल का दौरा पड़ने से निधन हो गया। शनिवार की सुबह इटानगर के एक अस्पताल में उन्होंने आखिरी सांस ली। मृत्यु के समय विधायक फोसुम 63 वर्ष के थे। उनके परिवार में पत्नी और दो बच्चे हैं। राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल (सेवानिवृत्त) केटी परनायक, मुख्यमंत्री पेमा खांडू समेत अन्य लोगों ने विधायक खिमहून के असामयिक निधन पर शोक व्यक्त किया है।

2004 में फोसुम खिमहून को 52-चांगलांग दक्षिण निर्वाचन क्षेत्र से पहले स्वतंत्र विधायक के रूप में चुना गया था। बाद में उन्हें 2009 में कांग्रेस के उम्मीदवार, 2014 में अरुणाचल पीपुल्स पार्टी और 2019 में भारतीय जनता पार्टी के उम्मीदवार के रूप में चुना गया। वह तीन दशकों से वरिष्ठ विधायक रहे।

इस बीच, मुख्यमंत्री पेमा खांडू ने चांगलांग दक्षिण विधानसभा क्षेत्र से भाजपा विधायक की मौत पर गहरा दुख व्यक्त किया है। मुख्यमंत्री ने अपने आधिकारिक एक्स हैंडल पर दुख व्यक्त करते हुए लिखा, ‘चांगलांग दक्षिण विधानसभा क्षेत्र के भाजपा विधायक फोसुम खिमहून के निधन से दुखी हूं। उनके शोक संतप्त परिवार के सदस्यों, मित्रों, रिश्तेदारों और अनुयायियों के प्रति मेरी गहरी संवेदनाएं! स्वर्गीय खिमहून अरुणाचल प्रदेश की जनता की सेवा, विकास और समृद्धि के लिए समर्पित थे। मुझे राज्य की विकासात्मक प्रगति के लिए उनकी मित्रता, प्रतिबद्धता और चिंता की याद आएगी।’

भगवान बुद्ध दिवंगत आत्मा को शाश्वत शांति और उनके प्रियजनों को इस दर्दनाक क्षण को सहन करने की शक्ति प्रदान करें।’