BREAKING:
April 18 2026 06:57 am

Aruna Irani Love Story : इंडियन आइडल में अरुणा ईरानी ने खोले कुक्कू कोहली संग रोमांस के राज

Post

News India Live, Digital Desk: बॉलीवुड की दिग्गज और जानी-मानी अभिनेत्री अरुणा ईरानी हाल ही में सिंगिंग रियलिटी शो 'इंडियन आइडल' (Indian Idol) के मंच पर नजर आईं। उनके साथ गुज़रे जमाने की बेहतरीन अदाकारा फरीदा जलाल भी शो का हिस्सा बनी थीं। इस आइकॉनिक जोड़ी को एक साथ मंच पर देखकर दर्शक और जज खुशी से झूम उठे। लेकिन शो का सबसे दिलचस्प मोड़ तब आया, जब होस्ट आदित्य नारायण ने अरुणा ईरानी से उनके पति और मशहूर फिल्म डायरेक्टर कुक्कू कोहली (Kuku Kohli) के साथ रोमांस को लेकर सवाल पूछ लिया। इसके जवाब में अरुणा जी ने अपने अफेयर और 36 के आंकड़े से प्यार तक पहुंचने का एक ऐसा अनसुना और मजेदार किस्सा सुनाया, जिसे सुनकर सब हैरान रह गए।

"रोमांस तो अजीब बात थी, हमारा 36 का आंकड़ा रहता था"

शो के दौरान होस्ट आदित्य नारायण ने पुरानी यादें ताजा करते हुए बताया कि फिल्म 'सुहाग' का सुपरहिट गाना 'गोरे-गोरे मुखड़े पे काला-काला चश्मा' उनके पिता उदित नारायण ने गाया था और इस फिल्म के डायरेक्टर कुक्कू कोहली जी थे। इसके बाद आदित्य ने दर्शकों को बताया कि कुक्कू कोहली जी दरअसल अरुणा जी के पति हैं। यह बताते हुए आदित्य ने पूछा कि कुक्कू जी के साथ काम करने का उनका अनुभव कैसा रहा?

इस सवाल पर अरुणा ईरानी मुस्कुराईं और बोलीं, "रोमांस वाला एक्सपीरियंस पूछ रहे हो या डायरेक्टर वाला?" जब आदित्य ने 'रोमांस' का जिक्र किया, तो अरुणा जी ने हंसते हुए कहा, "रोमांस तो अजीब बात थी, कुक्कू जी और मेरा तो सेट पर 36 का आंकड़ा रहता था।"

जब अरुणा और सुरेश भट्ट ने उड़ाई कुक्कू कोहली की खिल्ली

अरुणा ईरानी ने अपनी प्रेम कहानी का खुलासा करते हुए बताया कि शुरुआत में दोनों के बीच बिल्कुल नहीं बनती थी। उन्होंने एक किस्सा सुनाते हुए कहा, "एक दिन फिल्म में सोनम के डांस का शूट चल रहा था। मैं और मशहूर कोरियोग्राफर सुरेश भट्ट जी साथ बैठे थे। हम दोनों बैठकर कुक्कू जी की जमकर खिल्ली उड़ा रहे थे। हमने ध्यान ही नहीं दिया कि वे पीछे ही हैं। हम मस्ती कर रहे थे कि ऐसे डायरेक्टर के साथ तो मैं काम ही ना करूं... क्या मुझे इंडस्ट्री से बाहर कर देंगे?"

मस्ती से शुरू हुई बात, और फिर पिघल गया दिल

अरुणा जी ने आगे बताया कि उनकी बातें सुनकर कुक्कू कोहली उनके पास आए और पूछा, "क्या आप लोग मेरे बारे में बातें कर रहे हैं?" इस पर सुरेश भट्ट जी ने मस्ती में तुरंत बात पलट दी और कहा, "हां, तुम्हारे ही बारे में बोल रहे हैं। हम कह रहे थे कि आप इस व्हाइट ड्रेस में कितने हैंडसम लग रहे हैं।"

अरुणा जी बताती हैं, "उन्हें सच में लगा कि मैं उनकी तारीफ कर रही हूं। उस दिन के बाद से उनका बर्ताव मेरे प्रति बदलने लगा। आहिस्ता-आहिस्ता वे सॉफ्ट होने लगे और जब वे सॉफ्ट होने लगे तो मैं भी सॉफ्ट हो गई। फिर पता ही नहीं चला कि हमारा चक्कर कब चल गया।"

शादीशुदा मर्द से शादी पर भी कर चुकी हैं बात

बता दें कि कुक्कू कोहली पहले से शादीशुदा थे, इसके बावजूद अरुणा ईरानी ने उनसे शादी की। इस विषय पर अरुणा जी पहले भी बेबाकी से बात कर चुकी हैं। उन्होंने एक पॉडकास्ट में कहा था कि जिस तरह हेमा मालिनी ने शादीशुदा धर्मेंद्र से शादी की, लेकिन किसी का घर नहीं तोड़ा, वैसे ही उनके मामले में भी था। हालांकि, उन्होंने यह भी माना था कि ऐसे रिश्तों में आदमियों पर ज्यादा जिम्मेदारी होती है क्योंकि उन्हें घर जाकर अपनी पत्नी को जवाब देना होता है।