यमुनानगर: कैमिकल फैक्ट्री में लगी आग,जानी नुकसान नहीं, पुलिस जांच में जुटी

422de7e52a5c224531ca30cf42f99c10

यमुनानगर, 13 जुलाई (हि.स.)। गांव खुंडेवाला में कैमिकल की फैक्ट्री में अचानक से आग लगने से गांव में हड़कंप मच गया। आग लगने के कारणों का अभी पता नहीं चला है। दमकल विभाग की करीब आधा दर्जन गाड़ियों मौके पर पहुंची और आग पर काबू पाया।फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुट गई।

शनिवार को कैमिकल बनाने वाली एक फैक्ट्री में अचानक से आग लग गई। दोपहर करीब 3 घंटे तक आग का भयंकर तांडव देखने को मिला। आग लगने के कारणों का अभी पता नही चला। गनीमत यह रही कि कोई जानी नुकसान नहीं हुआ। कड़ी मशक्कत के बाद दमकल के कर्मचारियों ने आग पर काबू पाया। सरपंच हरदेव सिंह ने कहा कि गांव में आग लगने की सूचना मिलने पर तुरंत वह मौके पर पहुंचे। आग की लपटें बहुत तेज थी। केमिकल में आग लगने से इलाके में सांस लेना भी मुश्किल हो गया था। जिसके बाद अग्निशमन विभाग के कर्मचारियों ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया।

वही ग्रामीणों ने आरोप लगाया की फैक्ट्री के बाहर न तो कोई बोर्ड है और न ही इसके मालिक का कोई पता है। ग्रामीणों ने कहा कि फैक्ट्री में आग लगने से एक डर पैदा हो गया है। उन्होंने कहा कि यह एक बड़ी आबादी वाला गांव है। कभी भी ऐसा कोई और हादसा हो सकता है। इसलिए प्रशासन को चाहिए है कि इसकी जांच होनी चाहिए और फैक्ट्री मालिक के खिलाफ कार्रवाई होनी चाहिए।

वहीं दमकल विभाग के अधिकारी गोपाल शर्मा ने कहा कि सूचना मिलते ही तुरंत अग्निशमन की आधा दर्जन गाड़ियां मौके पर पहुंची। आग पर काबू पा लिया गया है। किसी प्रकार का कोई जानी नुकसान नहीं हुआ है। ड्रम में क्या था और किस कारण से आग लगी है इसकी जांच की जा रही है।