छानबे विधायक रिंकी कोल पर अपना दल (एस) ने जताया भरोसा, सोनभद्र से लड़ेंगी चुनाव

मीरजापुर, 07 मई (हि.स.)। अपना दल (एस) की राष्ट्रीय अध्यक्ष अनुप्रिया पटेल ने रिंकी कोल पर भरोसा जताते हुए ससुर पकौड़ी कोल के स्थान पर सोनभद्र संसदीय सीट से उम्मीदवार बनाया है। राष्ट्रीय अध्यक्ष ने रिंकी कोल को प्रत्याशी बनाकर सबको चौंका दिया है। वहीं अनुप्रिया पटेल स्वयं मीरजापुर संसदीय सीट से चुनाव लड़ रही हैं।

विधानसभा छानबे से अपना दल (एस) विधायक स्व. राहुल प्रकाश कोल का निधन दो फरवरी 2023 को हो गया था। वे कैंसर से पीड़ित थे। उप चुनाव में अपना दल (एस) प्रत्याशी रिंकी कोल विजयी हुई थी। राहुल प्रकाश कोल 2017 और 2022 में चुनाव जीतकर दो बार से लगातार विधायक थे।

उन्होंने बहुजन समाज पार्टी को हराकर जीत दर्ज की थी। उनके पिता पकौड़ी कोल सोनभद्र के सांसद हैं। राहुल प्रकाश कोल के निधन के बाद छानबे विधानसभा सीट खाली हो गई। इसके बाद उनकी पत्नी रिंकी कोल अपना दल (एस) के टिकट पर मई 2023 के उप चुनाव में जीत दर्ज कर विधायक बनी।