भ्रष्टाचारी को छुड़ाने के लिए रामलीला मैदान में सजा था भ्रष्ट लोगों का मंच: अनुराग ठाकुर

– केंद्रीय सूचना एवं प्रसारण व खेल मंत्री अनुराग सिंह ठाकुर ने मुरादाबाद में साइबर योद्धा सम्मेलन को किया संबोधित

मुरादाबाद, 02 अप्रैल (हि.स.)। रामलीला मैदान में एक भ्रष्टाचारी को छुड़ाने के लिए भ्रष्ट लोगों का मंच सजा था। एक मंच पर आने वाले भ्रष्ट लोग क्या देश चला पाएंगे। 10 वर्ष पूर्व भ्रष्टाचार के खिलाफ इसी रामलीला मैदान में दिल्ली के मुख्यमंत्री ने धरना दिया था। आज वे भ्रष्टाचार में इतना लिप्त हो गए हैं कि उन्हें छुड़ाने के लिए भ्रष्टाचारियों को इकट्ठा होना पड़ रहा है। पहले तिहाड़ में हैट्रिक हुई, फिर चौका लगा है,अब छक्का लगेगा। कोई भ्रष्टाचारी बचेगा नहीं। यह बातें सोमवार को मुरादाबाद में साइबर योद्धा सम्मेलन को संबोधित करते केंद्र सरकार में सूचना एवं प्रसारण और युवा कार्यक्रम व खेल मंत्री अनुराग सिंह ठाकुर ने कही।

भाजपा महानगर व जिला इकाई के तत्वावधान में दिल्ली रोड स्थित राही होटल में साइबर योद्धा सम्मेलन सम्मपंन हुआ। केंद्रीय मंत्री अनुराग सिंह ठाकुर ने कहा कि सोच ईमानदार काम दमदार के तहत प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी व केंद्र सरकार काम कर रही है। आज सूचना के युग में हमें सच्चाई को जन-जन तक पहुंचना है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में एनडीए की सरकार बिना किसी भेदभाव के कार्य कर रही है। इन कार्यों को इन उपलब्धियां को हमें सोशल मीडिया के माध्यम से बूथ स्तर तक पहुंचना है। केंद्रीय मंत्री ने आगे कहा कि सोशल मीडिया पर किसी भी अमर्यादित, अभद्र टिप्पणी से हमें बचाना है,वरना विपक्षी दल उसको आधार बनाएंगे। अनुराग ठाकुर ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में बीते 10 वर्षों में हमारे देश को ऐतिहासिक उपलब्धियां हासिल हुई हैं। दुनिया में मोबाइल बनाने वाला दूसरा सबसे बड़ा देश भारत बन गया है। यहां 90 करोड़ से ज्यादा लोगों के हाथ में मोबाइल फोन है। भारत को विकसित भारत बनाने के लिए कमल का फूल खिलाना होगा। 2047 में विकसित भारत तभी बनेगा जब 2024 में हर सीट पर कमल खिलेगा।

सम्मेलन में भाजपा जिलाध्यक्ष आकाश पाल, महानगर अध्यक्ष संजय शर्मा, नगर विधायक रितेश गुप्ता, विधान परिषद सदस्य डा. जयपाल सिंह व्यस्त, लोकसभा संयोजक डाॅ. विशेष गुप्ता, भाजपा पश्चिम क्षेत्र के आईटी संयोजक अम्बर स्वामी, महानगर प्रभारी राजेश यादव, लोकसभा सह प्रभारी ओमवीर सिंह खड़गवंशी, भूदेव सिंह, डा. हर्षवर्धन शर्मा, सुमित चौहान, हरिओम सैनी, सुरदीप कुमार, शालिनी अग्रवाल आदि रहीं।

सांसद डॉ एसटी हसन ने राम मंदिर उद्घाटन पर की थी टिप्पणी : मुरादाबाद लोकसभा से समाजवादी पार्टी के सांसद डॉ. एसटी हसन का सपा से टिकट काटने पर केंद्रीय सूचना एवं प्रसारण और खेल मंत्री अनुराग ठाकुर ने कहा कि डॉ. एसटी हसन ने भव्य राम मंदिर के उद्घाटन पर टिप्पणी की थी जिसका परिणाम आज सबके सामने है।