अनूपपुर: एक पेड़ मां के नाम अभियान के तहत बदरा में हुआ 3250 पौधों का रोपण

कलेक्टर, जिपं. अध्यक्ष, सहित जनप्रतिनिधि,स्‍कूली बच्‍चो स्थानीय जनों व विद्यार्थियों ने की सहभागिता अनूपपुर, 10 जुलाई (हि.स.)। एक पेड़ मां के नाम अभियान के तहत बुधवार को ग्राम पंचायत बदरा में 5 हेक्टेयर क्षेत्र में छः किस्म के 3250 आम के पौधों का का
रोपण किया गया। वृहद पौधरोपण का कार्य जनसहभागिता से सम्पादित किया गया। जिसमें कलेक्टर आशीष वशिष्ठ, जिला पंचायत की अध्यक्ष प्रीति सिंह, रामदास पुरी, जनपद अध्यक्ष धनमती सिंह, जनपद सदस्य लालबहादुर साहू, चन्द्रवती भारती, दुर्गा पटेल, मालती गुप्ता, सरपंच बदरा शिवभान सिंह, उप सरपंच शकुंतला शुक्ला, हनुमान गर्ग, विनोद तिवारी, बिलाल अहमद, नूर मोहम्मद तन्हा, अनुविभागीय दण्डाधिकारी दीपशिखा भगत, जनपद पंचायत अनूपपुर की मुख्य कार्यपालन अधिकारी ऊषा किरण गुप्ता, उद्यानिकी विभाग के सहायक संचालक सुभाष श्रीवास्तव, नायब तहसीलदार मिथिला प्रसाद पटेल, सहायक कार्यक्रम अधिकारी रावेन्द्र आर्या, अंकुर सिंह, एसएडीओ सरदार सिंह, उपयंत्री लव श्रीवास्तव सहित बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिकों, महिलाओं व सीएम राईज स्कूल के विद्यार्थियों ने पौधरोपण कर एक पेड़ मां के नाम अभियान में हिस्सा लिया।

जनपद पंचायत अनूपपुर के ग्राम पंचायत बदरा के 5 हेक्टेयर भूमि पर छः किस्म के 3125 आम के पौधों का तथा 125 लीची के
पौधों का रोपण किया गया। बड़ी संख्या में फलदार पौधों का रोपण पर्यावरण अनुकूलता के लिए मददगार साबित होगा। भविष्य में यह पौधरोपण आम के बगीचे के रूप में आकार लेगा। पौधों के संरक्षण, संवर्धन के लिए स्थानीय जनप्रतिनिधियों, नागरिकों तथा
विद्यार्थियों ने प्रतिबद्धता जताई है। कलेक्टर सहित जनप्रतिनिधियों ने पौधरोपण स्थल का भ्रमण कर पौधरोपण करने वाले लोगों को प्रोत्साहित किया। जिला पंचायत की अध्यक्ष प्रीति रमेश सिंह ने पौधरोपण करते हुए कहा कि वृक्ष से ही जीवन की निर्भरता है। हम सभी का फर्ज होना चाहिए कि अधिक से अधिक पौधे लगाएं और उसकी सुरक्षा करें। कलेक्टर ने पौधरोपण करते हुए कहा कि यह अभियान मानव जीवन को बचाने का अभियान है। यह एक अच्छा कार्य है, इसे निरन्तर आगे बढ़ाते रहना चाहिए। उन्होंने कहा कि वृक्ष धरती का श्रृंगार है, यह हमारे जीवन का सबसे बड़ा आधार है। उन्होंने पौधरोपण कर रहे स्कूली बच्चों को पौधरोपण के लिए प्रेरित करते हुए उसके संरक्षण पर भी बल दिया।