देवरिया : अग्निकांड में अन्नदाता की मौत, जिलाधिकारी ने घटना स्थल का किया निरीक्षण

देवरिया, 18 अप्रैल (हि.स.)। जिलाधिकारी अखंड प्रताप सिंह ने गुरुवार को बलियवा गांव में अग्निकांड में एक किसान की मृत्यु पर गहरा दुख व्यक्त करने पहुंचे। उन्होंने शोक संतप्त परिजनों के साथ संवेदना जताई।

डीएम अखंड प्रताप सिंह एवं पुलिस अधीक्षक संकल्प शर्मा ने पोस्टमार्टम हाउस से दुर्घटना के विषय में जानकारी ली। परिजनों को दुख की इस घड़ी में हर संभव सहयोग के लिए आश्वस्त किया।

इसके पश्चात जिलाधिकारी एवं पुलिस अधीक्षक ने ग्राम पंचायत गौरा खास में अग्निकांड से हुई फसल क्षति का जायजा लिया। डीएम ने अग्निकांड से हुई फसल क्षति का त्वरित सर्वे करने के लिए राजस्व कर्मियों को निर्देशित किया। जिससे अग्निकांड से प्रभावित किसानों को नियमानुसार समयबद्ध क्षतिपूर्ति दी जा सके।

जिलाधिकारी ने किसानों से अनुरोध किया कि भूसा बनाने वाली स्ट्रॉ-रिपर मशीन का प्रयोग तभी किया जाए जब यह सुनिश्चित हो जाए कि सभी निकटवर्ती खेतों में फसल की कटाई हो चुकी हो। स्ट्रॉ रिपर मशीन की चिंगारी से आग लगने की घटना देखी जा रही है। गेहूं कटाई में प्रयोग की जा रही कंबाइन मशीन के साथ फायर एक्सटिंग्शर अथवा पानी साथ रखे, जिससे आग लगने की दशा में प्रारंभिक स्तर पर ही नियंत्रित किया जा सके। खेतों के आसपास सुलगती हुई बीड़ी, सिगरेट अथवा माचिस की तिली को न फेंके। पछुआ हवा चलने की स्थिति में विशेष सतर्कता बरते।

इस दौरान एडीएम वित्त एवं राजस्व अरुण कुमार राय, सीओ सदर संजय रेड्डी सहित अधिकारी मौजूद रहे।