यमुनानगर: पुलिस प्रशासन से नाराज आक्रोशित ब्राह्मण समाज फिर भड़का

3c36af066b79ded80e1b6ef76e8152dc

यमुनानगर, 15 जुलाई (हि.स.)। सोशल मीडिया पर ब्राह्मण समुदाय पर की गई टिप्पणी पर आरोपी के खिलाफ पुलिस द्वारा कार्रवाई न किए जाने के विरोध में आक्रोशित ब्राह्मण समाज जिला उपायुक्त और जिला पुलिस अधीक्षक से मिलने पहुंचा और पुलिस की कार्रवाई से नाखुश ब्राह्मण समुदाय ने जिला प्रशासन को अल्टीमेटम दे दिया। वहीं जिला पुलिस अधीक्षक ने छछरौली के जिला पुलिस उप अधीक्षक को इस मामले में तुरंत जांच कर उचित कार्रवाई करने के निर्देश दिए।

गौरतलब है कि थाना छछरौली के अंतर्गत राजकीय विश्वविद्यालय आहडावाला में कार्यरत कनिष्ठ प्रोफेसर कर्णपाल द्वारा ब्राह्मण समुदाय को लेकर सोशल मीडिया पर एक अभद्र और अशोभनीय टिप्पणी की गई थी। जिससे ब्राह्मण समुदाय काफी आक्रोशित है। इस मुद्दे को लेकर एक सप्ताह पहले भी ब्राह्मण समुदाय के सैकड़ो लोग जिला प्रशासन के अधिकारियों से मिले थे और उन्होंने आश्वासन भी दिया था कि आरोपी पर जल्द कार्रवाई की जाएगी। लेकिन इस संबंध में एक सप्ताह से अधिक समय बीत जाने के बाद भी प्रशासन की ओर से आरोपी के खिलाफ कोई संतोषजनक कार्रवाई नहीं की गई

सोमवार को लघु सचिवालय में पहुंचे ब्राह्मण समाज के लोगों का कहना है कि यह उनके समुदाय की गरिमा और सम्मान का सवाल है और न्याय दिलाने के लिए उन्होंने कई बार प्रशासन और पुलिस से भी संपर्क किया था। लेकिन अब तक कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया।

उन्होंने प्रशासन को चेतावनी देते हुए कहा कि तुरंत ही आरोपी को गिरफ्तार किया जाए , नही तो ब्राह्मण समुदाय कोई भी बड़ा कदम उठाने से पीछे नहीं हटेगा और उसकी सारी जिम्मेदारी प्रशासन की होगी।

इस मौके पर बड़ी संख्या में ब्राह्मण समुदाय के लोग शामिल रहे।