जीत की नहीं लीड की लड़ाई लड़नी होगी : अमरपाल मौर्य

जौनपुर, 18 अप्रैल (हि.स.)। भारतीय जनता पार्टी की चुनाव समन्वय समिति, जिला पदाधिकारियों एवं मोर्चा पदाधिकारियों के साथ एक आवश्यक बैठक गुरुवार को जिलाध्यक्ष पुष्पराज सिंह की अध्यक्षता में हुई। मुख्य अतिथि प्रदेश महामंत्री अमरपाल मौर्य ने कहा कि जीत की नहीं लीड की लड़ाई लड़नी होगी। सात लाख वोट का लक्ष्य रखा है। जिसे पाने के लिए कार्यकर्ताओं को हर बूथ बड़े अंतर से जीतना होगा।

मुख्य अतिथि अमरपाल मौर्य ने कार्यकर्ताओ को सम्बोधित करते हुए कहा कि युवा महिला गरीब, किसान सब हमारी ताकत हैं। उन्होंने कार्यकर्ताओं से अलग-अलग स्थानों पर सीधा संवाद किया। उन्होंने कहा बूथ अध्यक्ष व पन्ना प्रमुख हमारे सिपाही व संगठन की रीढ़ हैं। हर बूथ पर बम्पर जीत के लिए कार्यकर्ता लगातार जनता से संवाद बनाए रखें और 24 अप्रैल को एक साथ सभी बूथ पर बैठक का कार्य करें। एक बूथ पर कम से कम 200 लोग हैं, 1955 बूथ हैं तो समझ लीजिये कितने वोट से आप लोग सीधे जुड़ जाएंगे।

विशिष्ट अतिथि क्षेत्रीय महामंत्री सुशील त्रिपाठी रहे। उन्होंने मोर्चा के पदाधिकारियों से आह्वान किया कि इस चुनावी समर मे बढ़-चढ़ कर हिस्सा लें और जनता के बीच पहुंचकर अधिक से अधिक केंद्र सरकार की योजनाओं को पहुंचाएं। गांव-गांव जाकर किसान हितैषी भाजपा द्वारा चलाई जा रही जनकल्याणकारी योजनाओं के बारे में जानकारी दें। प्रदेश सरकार किसानों की हितैषी साबित हुई है। प्रदेश में अपराध और भ्रष्टाचार पर कठोर कदम उठाए गए हैं। प्रदेश सरकार केंद्र की जन कल्याणकारी योजनाओं के क्रियान्वयन में अव्वल रही है। अब तक विभिन्न योजनाओं के तहत किसानों, नौजवानों, गरीबों, महिलाओं समेत अन्य लाभार्थियों को लाभ पहुंचा है। उन्होंने कहा कि जनता ने ठान लिया है कि तीसरी बार भी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को देश की बागडोर सौपेंगी। जनता भाजपा सरकार के कार्यों से खुश है और फिर से भाजपा को सत्ता सौंपना चाहती है। कार्यक्रम का संचालन सुनील तिवारी ने किया।