रांची लोकसभा क्षेत्र के लिए चुनाव की सारी तैयारियां पूरी, मोरहाबादी से पोलिंग पार्टी रवाना

रांची, 24 मई (हि. स.)। रांची लोकसभा के लिए 25 मई को सुबह सात बजे से शाम पांच बजे तक मतदान होना है। मतदान कराए जाने की सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। रांची लोकसभा सीट के लिए कुल 2037 मतदान केंद्रों पर मतदान कराया जाना है। मतदान के लिए कुल 9770 मतदानकर्मी लगाए गए हैं। इनमें 1622 मतदानकर्मी को रिजर्व रखा गया है। मतदानकर्मियों को ईवीएम के साथ शुक्रवार को मोरहाबादी मैदान से रवाना किया गया। इन्हें मतदान केंद्रों पर भेजे जाने के लिए 1113 वाहनों का में 227 पैसेंजर और स्कूल बसें, 174 मिनी बस, आठ ट्रक एवं 709 छोटे वाहनों का प्रयोग किया गया । इनके अलावा मतदान के लिए असहायों को मतदान केंद्रों तक ले जाने के लिए जिला प्रशासन द्वारा 2377 ऑटो, टोटो और छोटे वाहनों को व्यवस्था की गई है। चुनाव संपन्न कराने के लिए कुल 2851 पीठासीन पदाधिकारी होंगे। रांची में 444, कांके में 577 तथा हटिया में 594 पीठासीन पदाधिकारी होंगे।

रांची जिला में कुल 102 महिला मतदान केंद्र बनाए गए हैं, जिनमें 408 महिला कर्मियों द्वारा मतदान कार्य संपन्न कराए जाएंगे। दो दिव्यांग मतदान केंद्र भी बनाए गए हैं। इसके साथ ही कुल 268 सेक्टर मजिस्ट्रेट और 20 सुपर जोनल मजिस्ट्रेट लगाये गये है।

निर्वाची पदाधिकारी राहुल कुमार सिन्हा ने शुक्रवार को बताया कि 10 बूथ युवा कर्मचारियों द्वारा संचालित किये जाएंगे। उन्होंने बताया की बरियातू स्थित गवर्नमेंट गर्ल्स हाई स्कूल में अवस्थित छह बूथों को झारखंड वूमेन हॉकी थीम पर तैयार किया गया है और नामकुम के तेतरी स्थित गवर्नमेंट मिडिल स्कूल को मॉडर्न पोलिंग स्टेशन बनाया गया है। उन्होंने बताया कि भयमुक्त और निष्पक्ष मतदान के लिए रांची लोकसभा क्षेत्र के सभी बूथों पर सुरक्षा के कड़े और पुख्ता इंतजाम किये गये है।

उपायुक्त ने बताया कि लोक प्रतिनिधित्व अधिनियम 1951 की धारा 135 ख एवं निगोशिएबुल इंस्ट्रूमेंट्स एक्ट 1881 की धारा-25 के तहत मतदान दिवस पर सार्वजनिक अवकाश घोषित किया गया है। उन्होंने सभी पब्लिक/प्राइवेट इंटरप्राइजेज से रांची लोक सभा क्षेत्र के कर्मचारियों को पेड हॉलिडे उपलब्ध कराने का आग्रह किया है। उन्होंने कहा कि इसके लिए प्रतिष्ठान को बंद करने की जरूरत नहीं, प्रतिष्ठान में कार्य कर रहे अन्य जिले के कर्मचारियों को छोड़कर रांची लोकसभा क्षेत्र के कर्मचारियों को ही सवैतनिक अवकाश उपलब्ध कराएं।

रांची लोकसभा क्षेत्र में कुल मतदाताओं की संख्या 21,97,331 है। इसमें 11,23,524 पुरुष और 10,84,738 महिलाएं हैं। सबसे ज्यादा मतदाता हटिया विधानसभा क्षेत्र में 4,99,413 और कांके में 4,63,724 हैं। वहीं, खिजरी में 3,64,424, रांची में 3,60,799, ईचागढ़ में 2,87,125 और सिल्ली में 2,21,846 मतदाता हैं।