अलीराजपुरः गरबा उत्सव से लौट रहे दंपती से मस्जिद के पास मारपीट के दो पक्ष आमने-सामने, सात पर केस दर्ज

6f0b8fd5de8f852a43d9a1c2dd553e72

आलीराजपुर, 7 अक्टूबर (हि.स.)। शहर में रविवार को देर रात गरबा उत्सव से लौट रहे एक दंपती के साथ मस्जिद के सामने मारपीट की घटना होने दो पक्ष आमने-सामने हो गए। हंगामा इतना बढ़ा गया कि कलेक्टर अभय अरविंद बेडेकर और पुलिस अधीक्षक राजेश व्यास को मौके पर पहुंचकर स्थिति को संभालना पड़ा। करीब तीन घंटे तक चले हंगामे के बाद सख्त कार्रवाई के आश्वासन पर लोग शांत हुए। पुलिस ने सात आरोपितों के खिलाफ केस दर्ज किया है, जिनमें से दो को गिरफ्तार कर लिया गया है।

जानकारी के अनुसार रविवार की रात माली समाज के दंपती गरबा उत्सव में शामिल होने के बाद घर लौट रहे थे। इस दौरान जामा मस्जिद के निकट समुदाय विशेष के युवकों से शोर मचाने को लेकर उनकी बहस हो गई। आरोप है कि युवकों ने दंपती के साथ मारपीट कर दी। इसकी जानकारी मिलते ही समाज के लोग आरोपितों के घर के बाहर एकत्रित हो गए और दोनों पक्षों के बीच विवाद शुरू हो गया। जानकारी मिलते ही पुलिस भी मौके पर पहुंच गई। हंगमा इतना बढ़ा कि पुलिस के सामने ही लोग हाथापाई पर उतारू हो गए। पुलिस ने हल्का बल प्रयोग कर भीड़ को खदेड़ा।

इसके बाद कलेक्टर ने माइक संभाला और भीड़ को संबोधित करते हुए कहा कि जो भी आरोपित हैं, उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई होगी। किसी को भी बख्शा नहीं जाएगा। कोई भी कानून अपने हाथ में लेने की कोशिश न करे। इसके बाद पुलिस पीड़ित पक्ष को लेकर थाने पहुंची और सात आरोपितों के खिलाफ विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज किया गया है। फिलहाल शहर में शांति बनी हुई है।