भ्रष्टाचार एवं बिचौलियागिरी के खिलाफ आजसू पार्टी का पाटन-पड़वा में हल्ला बोल

पलामू, 3 जुलाई (हि.स.)। आजसू पार्टी पलामू की ओर से पाटन एवं पड़वा प्रखंड सह अंचल कार्यालय में बुधवार को हल्ला बोल कार्यक्रम किया गया। प्रखंड एवं अंचल मुख्यालय पर प्रदर्शन किया गया। कार्यक्रम में मुख्य रूप से आजसू पार्टी के जिला अध्यक्ष दिलीप चौधरी, केंद्रीय समिति सदस्य चंद्रशेखर सिंह छोटू एवं संजू सिंह व प्रदीप पांडे, जिला सचिव कृष्ण कुमार वनपर, पाटन प्रखंड सचिव अशोक विश्वकर्मा शामिल हुए।

प्रखंड एवं अंचल कार्यालय में बड़े पैमाने पर हो रहे भ्रष्टाचार एवं बिचौलियागिरी को बंद करने तथा वर्तमान झारखंड सरकार की नाकामी और गलत नीति, झूठे आश्वासन का विरोध किया गया। जिलाध्यक्ष दिलीप चौधरी ने कहा कि सरकार बराबर जनता को झूठी घोषणा कर गुमराह कर रही है। नौकरी के नाम पर छात्र-नौजवानों को ठगा जा रहा है।

प्राइमरी स्कूल से उच्च शिक्षा, पानी-बिजली, स्वास्थ्य की व्यवस्था का बुरा हाल है। सरकार सिर्फ माइंस, बालू घोटाला एवं पदाधिकारियों की ट्रांसफर पोस्टिंग करने तथा सब काम फाइल में ही पूरे कर बड़े पैमाने पर झारखंड को लूट रही है, जिसका आजसू पार्टी घोर निंदा करती है और झारखंड की जनता भी आगामी विधानसभा चुनाव में सरकार को हटाने का निर्णय ले ली है।