देवरिया, 10 जुलाई (हि.स.)। जनपद देवरिया में अपने घर में ही कृषि मंत्री सूर्य प्रताप शाही की किरकिरी हो रही है। कृषि मंत्री के दाल पर दिये बयान से समाजवादी पार्टी की महिला प्रकोष्ठ ने आड़े हाथों लिया है। महिला प्रकोष्ठ की नेत्रियों ने कृषि मंत्री के बयान पर कहा कि इस प्रकार के बयान देने से मालूम पड़ता है, उन्हें घर के रसाई से कोई लेना देना नहीं है।
समाजवादी पार्टी के महिला प्रकोष्ठ की नेत्री अलका सिंह ने कहा कि उत्तर प्रदेश के कृषि मंत्री ने ऐसा बयान दे दिया है, जो महिलाओं को ठेस पहुंचाने वाला है। उनके मीडिया से बातचीत के दौरान दाल का गलत रेट बताने से उनकी वास्तविकता की जानकारी हो गयी है। किसान से घर की रसाई चलाने वाली महिलाओं तक दाल की कीमत की जानकारी हर किसी को है। सिर्फ कृषि मंत्री ही सही दाम नहीं जानते है।
उन्होंने कहा कि समाजवादी पार्टी की महिला प्रकोष्ठ के अतिरिक्त समाज में हर वर्ग की महिलाओं में कृषि मंत्री के बयान को लेकर असंतोष का वातावरण व्याप्त है। कृषि मंत्री सूर्य प्रताप शाही को अपने बयान के लिए माफी मांग लेनी चाहिए। वहीं महिलाएं उन्हें माफ नहीं करने वाली है।