अवैध हथियार कारखाने पर कार्रवाई, निर्माता व सप्लायर गिरफ्तार

17c276c8e723eb46aef576537e9d56d0

बालाेतरा, 26 जुलाई (हि.स.)। जिले की पचपदरा पुलिस ने अवैध हथियार के खिलाफ कार्रवाई करते हुए हथियारों का जखीरा जब्त किया है। वहीं अवैध बंदूक निर्माता और सप्लायर को गिरफ्तार किया है। पुलिस टीम ने हस्तनिर्मित अवैध टोपीदार बंदूकें, बारूद, छर्रे, टोपियां सहित बंदूक निर्माण सामग्री व औजार बरामद किए है। पुलिस को सूचना मिली थी कि घडोई नाडी जानियाणा में अवैध बंदूकों का निर्माण किया जा रहा है।

इस पर पचपदरा थानाधिकारी अमराराम खोखर के नेतृत्व में टीम बनाकर घर पर दबिश दी गई। घर से अवैध रूप से संचालित हथियार निर्माण के कारखाना मिला। इस पर पपुराम को डिटेन किया गया। आरोपित पपुराम के कब्जे से बिना किसी वैध लाइसेंस व परमिट के अवैध रूप से हाथों से बनी तीन टोपीदार बंदूक, बारुद की पुड़ी, 11 छर्रे, पीतल की 180 टोपियां, तीन नाल अवैध बंदूकों को निर्माण करने के लिए सहायक अन्य सामग्री वैल्डिंग मशीन सहित औजारों को बरामद किया।

एसपी कुंदन कंवरिया ने बताया कि जानियाणा गांव में अवैध हथियार बनाने के कारखाने पर दबिश देकर टोपीदार बंदूक सहित अन्य सामान जब्त किया है। बंदूक निर्माता आरोपित पपुराम पुत्र डुंगराराम निवासी घडोई नाडी, जानियाणा पचपदरा को गिरफ्तार किया है। आरोपित के खिलाफ आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया। आरोपित से पूछताछ की जा रही है कि यह हथियार बनाने वाला सामान कहां से लाता था। पहले हथियार किन-किन को बेचा है। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।