महिला से सोने की चेन छिनतई का आरोपित गिरफ्तार

रांची, 05 जुलाई (हि.स.)। बरियातू थाना पुलिस ने महिला से सोने की चेन छिनतई करने के मामले में एक अपराधी को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार अपराधी का नाम मो आसिफ अंसारी है। वह लोअर बाजार थाना क्षेत्र के कसाई मुहल्ला का रहने वाला है।

एसएसपी चंदन कुमार सिन्हा ने शुक्रवार को बताया कि गत 24 मार्च को बरियातू निवासी प्रभात कुमार झा की पत्नी निशा झा के गले से अज्ञात अपराधियों ने सोने की चेन छिनकर फरार हो गये थे। मामले की गंभीरता को देखते हुए थाना प्रभारी के नेतृत्व में एक टीम का गठन किया गया। टीम ने अनुसंधान के क्रम में रिम्स कैम्पस से आरोपित को गिरफ्तार किया। मामले में आरोपित ने अपनी संलिप्तता स्वीकार की। गिरफ्तार आरोपित के खिलाफ पूर्व से पांच थानों में आपराधिक मामले दर्ज है।