धमतरी:बाड़ी में लगाए गांजा के 50 पौधा, आरोपित गिरफ्तार

धमतरी, 13 मार्च (हि.स.)।घर के बाड़ी में गांजा के 50 पौधा लगाने वाले एक आरोपित को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। उसके पास से गांजा के पौधा जब्त कर पुलिस ने जुर्म दर्ज कर आरोपित को जेल भेज दिया है।

अर्जुनी पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि ग्राम बोड़रा के एक व्यक्ति अपने घर में मादक पदार्थ गांजा का पेड़ लगाया है। सूचना पर पुलिस अधिकारी-कर्मचारियों की टीम ग्राम बोड़रा में पहुंचकर अश्वनी कुमार साहू के घर दबिश दी। पुलिस ने देखा कि उसके घर के बाड़ी में अवैध मादक पदार्थ गांजा जैसा पौधा लगाया गया था।

गवाहों के पंचनामा तैयार कर मौके पर बाड़ी में लगे मादक पदार्थ गांजा के पौधों को बाड़ी से उखड़वाकर कुल 50 नग जब्त किया। पौधों का वजन करीब 950 ग्राम था। पुलिस ने आरोपित अश्वनी कुमार साहू 51 वर्ष ग्राम बोडरा के खिलाफ जुर्म दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। आरोपित को पकड़ने में थाना अर्जुनी से सउनि उत्तम निषाद, रामकृष्ण साहू, आरक्षक भावेश दास,प्रदीप साहू, महिला आरक्षक ज्योति खुटे का विशेष योगदान रहा।