बुवि की शिक्षक भर्ती में अनियमितता व धांधली की हो जांच : अभाविप

झांसी, 06 मार्च (हि.स.)। अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद(अभाविप) कार्यालय पर बुधवार को एक पत्रकार वार्ता का आयोजन किया गया। पत्रकार वार्ता में छात्र नेता सुयश शुक्ला, हर्ष शर्मा, हर्ष जैन, हर्ष कुशवाहा ने विश्वविद्यालय में चल रही शिक्षक भर्ती में विश्वविद्यालय प्रशासन द्वारा की जा रही अनियमिताओं व धांधली करने का आरोप लगाया।

उन्होंने भर्ती प्रक्रिया स्थगित कर पूरी प्रक्रिया की निष्पक्ष जांच कर दोषी व्यक्तियों पर कड़ी कार्रवाई करने की मांग की। इसके लिए अभाविप 7 मार्च से क्रमिक अनशन करेगा।

पत्रकारों को जानकारी देते हुए उन्होंने बताया कि बुंदेलखंड विश्वविद्यालय द्वारा शिक्षकों के लगभग 175 पदों पर नियुक्ति के लिए जारी विज्ञापन संख्या 12/ 2023 24 दिनांक 25 अगस्त 2023 के माध्यम से भर्ती प्रक्रिया चल रही है। उक्त विज्ञापन के विरुद्ध में विश्वविद्यालय के शिक्षकों ने उच्च न्यायालय में वाद संख्या 17405/2023 दाखिल किया। इस पर उच्च न्यायालय ने विश्वविद्यालय प्रशासन को दो माह में सभी प्रकरणों का निस्तारण करने का आदेश दिया। परंतु बुंदेलखंड विश्वविद्यालय प्रशासन ने उपरोक्त प्रकरणों के निस्तारण के बगैर ही नियुक्ति प्रक्रिया प्रारंभ कर दी व कई योग्य उम्मीदवारों की उपेक्षा करते हुए अपने चहेतों को चयनित किया जा रहा है।

उपरोक्त चयन प्रक्रिया में अनियमितता की शिकायत गरौठा विधायक जवाहर लाल राजपूत ने पत्र लिखकर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से की थी। अब तक घोषित परिणामों में कई ऐसे नाम हैं जिनके चयन होने की चर्चा परिणाम की घोषणा से पूर्व ही परिसर एवं परिसर से बाहर चर्चा का विषय थी। विश्वविद्यालय में कार्यरत एक शिक्षिका जिन पर भ्रष्टाचार के गंभीर आरोप हैं तथा पूर्व में निलंबित भी रही हैं। उनका भी आचार्य पद पर चयन निश्चित माना जा रहा है,जबकि अभी तक परिणाम की घोषणा नहीं हुई है।

इसी प्रकार इलेक्ट्रो कम्यूनिकेशन डिपार्टमेंट में भी लिखित परीक्षा में शीर्ष स्थान प्राप्त करने वाले उम्मीदवारों को साक्षात्कार के लिए न बुलाए जाने का प्रकरण भी चर्चा में है। विश्वविद्यालय प्रशासन के द्वारा अनियमित तरीके से की जा रही इन सभी नियुक्तियों की जांच कर दोषी व्यक्तियों को दंडित किया जाना आवश्यक है। उन्होंने बताया कि हाल में ही विश्वविद्यालय को नेक द्वारा ए प्लस ग्रेड प्राप्त हुआ है। इस प्रकार के प्रकरणों से न केवल विश्वविद्यालय की छवि धूमिल हुई है अपितु विश्वविद्यालय में पठन-पाठन के स्तर पर भी प्रतिकूल प्रभाव पड़ेगा।

विश्वविद्यालय प्रशासन की इस अनियमितता के विरोध में अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद कल 7 मार्च से अनिश्चित कालीन धरना प्रदर्शन भी करेगी। यदि इसके बाबजूद भी निष्पक्ष जांच नहीं हुई तो अभाविप प्रान्त व्यापी आंदोलन करेगी। इस मामले में गरौठा विधायक जवाहरलाल राजपूत मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को नियुक्तियों से पहले और नियुक्तियों के बाद दो पत्र लिख चुके हैं।

सदर विधायक रवि शर्मा ने कहा कि बुंदेलखंड विश्वविद्यालय इस वक्त लूट केंद्र बना हुआ है। भ्रष्टाचार का अड्डा बना हुआ है। उन्होंने कहा कि महाशिवरात्रि पर शिव बारात निकाली जानी है जल्द ही भ्रष्टाचारियों की भी बारात निकाली जाएगी।