BREAKING:
April 30 2026 02:44 am

आमिर खान का दिल छू लेने वाला खुलासा- 'गौरी के साथ पहली बार मुकम्मल महसूस किया', बच्चों को समय न देना बताया सबसे बड़ा पछतावा

Post

नई दिल्ली। बॉलीवुड के मिस्टर परफेक्शनिस्ट आमिर खान आजकल अपनी फिल्मों से ज्यादा अपनी जिंदगी की असली कहानी को लेकर चर्चा में हैं। हाल ही में एक इंटरव्यू में आमिर ने अपनी जिंदगी के ऐसे अनछुए पहलुओं को साझा किया जिन्हें सुनकर हर कोई भावुक हो गया। उन्होंने अपनी मौजूदा पार्टनर गौरी स्प्रैट के साथ रिश्ते से लेकर अपनी पुरानी शादियों और सबसे बड़े पछतावे तक सब कुछ बेबाकी से कहा।

गौरी स्प्रैट के साथ मिला जिंदगी का असली सुकून

आमिर ने इंटरव्यू में खुलकर कहा कि वह गौरी स्प्रैट के साथ बेहद खुश हैं और खुद को बेहद भाग्यशाली मानते हैं। उन्होंने भावुक होते हुए कहा कि गौरी के साथ उनका रिश्ता उन्हें एक गहरा मानसिक सुकून देता है और आज पहली बार उन्हें महसूस हो रहा है कि वह पूरी तरह मुकम्मल हो गए हैं। गौरतलब है कि पिछले साल अपने 60वें जन्मदिन पर आमिर ने पहली बार मुंबई में मीडिया के सामने गौरी को मिलवाया था और तब से दोनों कई सार्वजनिक कार्यक्रमों में एक साथ नजर आते रहे हैं।

पूर्व पत्नियों का जिक्र— 'चीजें वैसी नहीं रहीं जैसी सोची थीं'

आमिर ने अपनी पूर्व पत्नियों रीना दत्ता और किरण राव का जिक्र करते हुए कहा कि उन दोनों के साथ भी उनके रिश्ते बेहद गहरे थे, लेकिन जिंदगी ने वह मोड़ नहीं लिया जो उन्होंने सोचा था। इस पर उन्होंने ज्यादा कुछ नहीं कहा लेकिन उनकी आंखें बहुत कुछ बयां कर गईं।

सबसे बड़ा पछतावा— बच्चों को नहीं दे पाए पर्याप्त समय

61 वर्षीय अभिनेता ने स्वीकार किया कि उनके जीवन का सबसे बड़ा पछतावा यह है कि काम और फिल्मों की धुन में उन्होंने अपने तीनों बच्चों जुनैद, इरा और आजाद को पर्याप्त समय नहीं दिया। उन्होंने बताया कि कोविड-19 लॉकडाउन उनके लिए एक आईने की तरह साबित हुआ। जब काम पूरी तरह बंद था तब उन्हें अहसास हुआ कि पिछले 30-35 सालों में वह सिर्फ फिल्मों के पीछे भागते रहे और इस दौरान कई अनमोल रिश्तों को खो दिया। अब वह इस गलती को सुधारने की कोशिश में लगे हैं।

1 मई को आ रही है 'एक दिन', बेटे जुनैद की है अहम भूमिका

प्रोफेशनल मोर्चे पर आमिर जल्द ही अपने प्रोडक्शन की फिल्म 'एक दिन' के साथ वापसी करने वाले हैं जो 1 मई को सिनेमाघरों में रिलीज होगी। यह 2016 की थाई फिल्म 'वन डे' का रीमेक है जिसमें उनके बेटे जुनैद खान और अभिनेत्री साईं पल्लवी मुख्य भूमिकाओं में हैं। आमिर का कहना है कि अब वह परफेक्शन की दौड़ से बाहर आ चुके हैं और गलतियों को स्वीकार कर उनसे सीखना ही उनका नया फलसफा है।