
अप्रैल की शुरुआत के साथ ही उत्तर भारत में गर्मी ने तीव्र रूप ले लिया है। देश के कई हिस्सों में तापमान रिकॉर्ड स्तर तक पहुँच गया है। भारतीय मौसम विभाग (IMD) ने दिल्ली, राजस्थान, उत्तर प्रदेश, मध्य प्रदेश और महाराष्ट्र के लिए हीटवेव की चेतावनी जारी की है। आने वाले दिनों में गर्मी और तेज होगी, जिसके मद्देनज़र दिल्ली में येलो अलर्ट, गुजरात में रेड अलर्ट और राजस्थान में ऑरेंज अलर्ट घोषित किया गया है। वहीं, दक्षिण और पूर्व भारत के कुछ हिस्सों में भारी बारिश की संभावना भी जताई गई है।
भारत इस सीजन की पहली हीटवेव के लिए तैयार
मौसम विभाग के अनुसार उत्तर-पश्चिमी हवाओं का एक मजबूत प्रभाव शुरू हो चुका है, जिससे हीटवेव की स्थिति बन रही है। यह लहर 6 अप्रैल से शुरू होकर 10 अप्रैल तक चल सकती है। हालांकि, पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से अगले सप्ताहांत में थोड़ी राहत मिलने की संभावना है, जिसमें कुछ इलाकों में बारिश और धूल भरी आंधी देखने को मिल सकती है।
दिल्ली में येलो अलर्ट
दिल्ली में रविवार को अधिकतम तापमान 38.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से 3.1 डिग्री अधिक रहा। न्यूनतम तापमान 18.5 डिग्री सेल्सियस रहा। मौसम विभाग ने सोमवार को आसमान साफ रहने और लू चलने का पूर्वानुमान जताया है। अधिकतम तापमान 41 डिग्री और न्यूनतम 21 डिग्री रहने की संभावना है। अगले छह दिनों में तापमान 39 से 42 डिग्री सेल्सियस के बीच रह सकता है। केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के अनुसार, रविवार शाम को दिल्ली का वायु गुणवत्ता सूचकांक (AQI) 209 रहा, जो खराब श्रेणी में आता है।
राजस्थान में बाड़मेर सबसे गर्म
राजस्थान के बाड़मेर में तापमान 45.6 डिग्री सेल्सियस तक पहुँच गया, जो सामान्य से 6.8 डिग्री अधिक है और अप्रैल महीने का अब तक का सबसे अधिक तापमान है। राज्य के अन्य हिस्सों में भी लू का असर दिखा, जैसे जैसलमेर में 45.0, चित्तौड़गढ़ में 43.2, जोधपुर में 43.0, कोटा में 42.4 और जालौर में 42.0 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया। मौसम विभाग ने चेतावनी दी है कि आने वाले दिनों में तापमान और बढ़ सकता है।
गुजरात में रेड अलर्ट जारी
गुजरात में अगले 4 से 5 दिनों तक लू की स्थिति बने रहने की संभावना है। इसी के मद्देनजर मौसम विभाग ने राज्य में रेड अलर्ट जारी किया है।
उत्तर प्रदेश में बढ़ सकती है गर्मी
उत्तर प्रदेश में भीषण गर्मी की लहर अप्रैल से जून तक जारी रह सकती है। प्रदेश के कई हिस्सों में दिन का तापमान 40 डिग्री से ऊपर पहुंच गया है। प्रयागराज में शनिवार को तापमान 41.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। मौसम विभाग का अनुमान है कि तापमान अक्सर 45 डिग्री के पार जा सकता है और इस दौरान बारिश की कोई संभावना नहीं है। राज्य सरकार ने प्रशासन और अस्पतालों को अलर्ट रहने के निर्देश दिए हैं।
मध्य प्रदेश में मई जैसी गर्मी
मध्य प्रदेश में अप्रैल की शुरुआत में ही मई जैसी गर्मी महसूस की जा रही है। रतलाम में रविवार को तापमान 42.6 डिग्री दर्ज किया गया, जो प्रदेश में सबसे अधिक रहा। टीकमगढ़, छतरपुर और निवाड़ी जैसे जिलों में भी लू की आशंका है। भोपाल में शुक्रवार को तापमान 33.6 और शनिवार को 35.2 डिग्री रहा।
महाराष्ट्र में भी गर्मी का प्रकोप
महाराष्ट्र में भी अगले चार दिनों तक गर्मी से राहत की उम्मीद नहीं है। मुंबई के सांताक्रूज में शनिवार को तापमान 35.9 डिग्री और कोलाबा में 33.9 डिग्री दर्ज किया गया। ठाणे-बेलापुर क्षेत्र में तापमान 38 डिग्री तक पहुंच गया। मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार, गर्मी और उमस का यह दौर अभी जारी रहेगा।
सैमसंग के अल्ट्रा स्लिम स्मार्टफोन की लॉन्च डेट फिर टल गई, क्या है वजह? सीखना