टंडवा में कांग्रेस का जनसंवाद अभियान कार्यक्रम, सिमरिया सीट पर दावेदारी को लेकर महामंथन

6896cdc8d6c1cb3796b32202b2123450

चतरा, 6 अक्टूबर (हि.स.)। टंडवा टाउन हॉल में कांग्रेस पार्टी के जनसंवाद अभियान कार्यक्रम के तहत कांग्रेस के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष राजेश ठाकुर, कार्यकारी अध्यक्ष शहजादा अनवर, गौ रक्षा बोर्ड के प्रदेश अध्यक्ष राजीव रंजन प्रसाद, आवास बोर्ड के अध्यक्ष संजय लाल पासवान एवं महिला मोर्चा की प्रदेश अध्यक्ष गुंजन सिंह सहित अन्य शामिल हुए। कार्यक्रम की अध्यक्षता जिला अध्यक्ष प्रमोद दुबे एवं संचालन गोविंद पांडा ने किया। कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए पूर्व प्रदेश अध्यक्ष राजेश ठाकुर ने कहा कि पार्टी में चुनाव लड़ने वाले उम्मीदवारों की होड़ मची हुई है।

लेकिन चुनावी मैदान में वही प्रत्याशी आ सकता है जिसे पार्टी के कार्यकर्ता चयनित करेंगे। उन्होंने बातों ही बातों में पार्टी से उम्मीदवारी का अपेक्षा रखे हुए पार्टी के कार्यकर्ताओं को कहा कि जिन्हें भी चुनाव लड़ना है वे पहले जिले और विधानसभा में पार्टी के शीर्ष स्तर के नेताओं और कार्यकर्ताओं के साथ अपनी उपस्थिति दर्ज कराएं। कार्यकर्ता ही उन्हें चुनाव जीताने का काम करेंगे और जिन्हें लगता है कि चुनाव जीतने में कार्यकर्ताओं की कोई भूमिका नहीं होती वे निर्दलीय चुनाव लड़कर अपने जनाधार को परख सकते हैं।

इस दौरान उन्होंने विपक्षी भाजपा पर भी जमकर हमला बोला। उन्होंने कहा कि सरकार बनते ही कोरोना ने सरकार के समक्ष विषम परिस्थिति को उत्पन्न किया और फिर जैसे ही कोरोना महामारी से सरकार जंग जीती तब तक भाजपा ने ईडी सहित अन्य जांच एजेंसियों के सहारे सरकार को अस्थिर करने का काम किया। जिसके कारण राज्य के मुख्यमंत्री को जेल तक जाना पड़ा। उन्होंने कहा कि इतने में जब इनका मन नहीं भरा तो भाजपाईयों ने बहु को ससुर से और भाभी को देवर से लड़ाकर तोड़ने और फोड़ने का काम किया। उन्होंने कहा कि इसी का नतीजा रहा की सीता सोरेन और गीता कोड़ा के अलावे राज्य के पूर्व मुख्यमंत्री चंपाई सोरेन भाजपा में शामिल हुए।